संघ की 100 वर्ष की यात्रा और पंच परिवर्तन पर केंद्रित प्रमुखजन गोष्ठी आयोजित

विश्व संवाद केंद्र, भोपाल    15-Feb-2026
Total Views |

प्रमुख जन गोष्ठी फंदा भोजपुर
 
भोजपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सम्पूर्ण भारत में प्रमुखजन गोष्ठियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में भोजपुर जिले के फंदा खंड द्वारा सरोवर गार्डन, होटल जलसा, नीलबड़ में एक गरिमामय प्रमुखजन गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन तथा भारतमाता के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पण के साथ हुआ।
 
गोष्ठी में मध्य क्षेत्र के संपर्क प्रमुख प्रवीण गुप्त ने प्रमुखजनों को संबोधित करते हुए संघ की पृष्ठभूमि और उसके सौ वर्षों के सामाजिक कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पिछले 100 वर्षों से संघ समाज को संगठित और सशक्त बनाने का निरंतर प्रयास कर रहा है। जब समाज संगठित और सशक्त होगा, तभी देश भी सशक्त बनेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि देशहित सर्वोपरि है और जो भी समाज व राष्ट्र के लिए कार्य कर रहे हैं, संघ उनके साथ खड़ा है।
 
प्रवीण गुप्त ने संघ द्वारा समाज के समक्ष रखे गए ‘पंच परिवर्तन’ के विषयों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला। उन्होंने नागरिक कर्तव्य बोध, सामाजिक समरसता, स्वदेशी का बोध, कुटुंब प्रबोधन और पर्यावरण संरक्षण को समाज के हर वर्ग द्वारा अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह केवल विचार नहीं, बल्कि व्यवहार में लाने योग्य संकल्प हैं, जिनसे समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है।
 
अपने उद्बोधन में उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि यह वर्ष ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ का है। वंदे मातरम् का सामूहिक गान पूरे देश में एक ऊर्जा और एकता का भाव उत्पन्न करता है, जो राष्ट्र निर्माण की भावना को और सुदृढ़ करता है।
 
कार्यक्रम में फंदा खंड के माननीय संघचालक, जिला एवं खंड स्तर के अधिकारी, कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के अनेक प्रमुख नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक वंदे मातरम् गान के साथ हुआ, जिससे वातावरण राष्ट्रभक्ति के भाव से भर गया।