माही दुबे
फ़िल्म निर्देशक एवं निर्माता
भारतीय सिनेमा की रचनात्मक शक्ति, सांस्कृतिक विविधता और वैश्विक पहचान का उत्सव एक बार फिर गोवा की धरती पर अपने भव्य स्वरूप में दिखाई दिया। समुद्र के किनारे बसे गोवा के पणजी में 20 नवंबर को 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) का भव्य शुभारंभ हुआ। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में देश-विदेश के फिल्मकारों, कलाकारों, निर्देशकों, निर्माताओं, तकनीकी विशेषज्ञों और सिनेमा प्रेमियों की उपस्थिति ने इस आयोजन को अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक उत्सव का स्वरूप प्रदान किया। इस वर्ष महोत्सव की थीम स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स' अर्थात् 'सीमाओं से परे कहानियां' रखी गई है, जो सिनेमा की उस शक्ति को रेखांकित करती है, जिसके माध्यम से अलग-अलग भाषाओं, संस्कृतियों और देशों के लोग एक-दूसरे की संवेदनाओं को समझते हैं।
इस वर्ष पुनः भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में सम्मिलित होना मेरे लिए सौभाग्य का विषय है, गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव, अभिनेता कार्तिक आर्यन, अभिनेत्री साईं पल्लवी, फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर, सांसद रवि किशन, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी तथा भारतीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत की प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहीं।
वर्ष 1952 में प्रारंभ हुआ भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फिल्म आयोजनों में से एक है। सात दशकों से अधिक की यात्रा में इस महोत्सव ने भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के साथ-साथ विश्व की श्रेष्ठ सिनेमाई कृतियों को भारतीय दर्शकों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। वर्ष 2004 से गोवा इस महोत्सव का स्थायी आयोजन स्थल बना हुआ है। आज IFFI केवल फिल्मों के प्रदर्शन का मंच नहीं, बल्कि फिल्म निर्माण, अंतरराष्ट्रीय सहयोग, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, तकनीकी प्रशिक्षण और फिल्म व्यवसाय की संभावनाओं को विकसित करने वाला एक महत्वपूर्ण वैश्विक केंद्र बन चुका है।
57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण इसकी अंतरराष्ट्रीय फिल्म चयन प्रक्रिया है। इस वर्ष 137 देशों से 1900 से अधिक फिल्मों की प्रविष्टियां प्राप्त हुई जिसमें 86 देशों की 159 अंतरराष्ट्रीय फिल्मों का चयन किया गया है वहीं भारतीय सिनेमा की 76 फिल्में भी 18 भाषाओं में दर्शकों के सामने प्रस्तुत की जाएंगी। महोत्सव में नौ वर्ल्ड प्रीमियर, दो इंटरनेशनल प्रीमियर, 24 एशिया प्रीमियर, 116 इंडिया प्रीमियर और 14 गाला प्रीमियर शामिल होना इस बात का स्पष्ट संकेत है कि इस वर्ष महोत्सव की अंतरराष्ट्रीय पहुंच पहले से अधिक व्यापक दिखाई दे रही है।
इस वर्ष के समारोह का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के साथ दीप प्रज्ज्वलन के साथ तुलसी के पौधे का सिंचन भी किया गया जो सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। समारोह में भारतीय फिल्म जगत की जिन हस्तियों ने विशेष आकर्षण पैदा किया, उनमें अभिनेत्री साई पल्लवी, अभिनेता कार्तिक आर्यन और सांसद एवं अभिनेता रवि किशन प्रमुख रहे। इनके अतिरिक्त प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक एवं इस वर्ष के फेस्टिवल डायरेक्टर आशुतोष गोवारिकर, फिल्मकार मधुर भंडारकर और आनंद एल. राय की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा बढ़ाई। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल के अध्यक्ष आनंद एल. राय के साथ विदेशी निर्णायक सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।
इस वर्ष के महोत्सव की कमान प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक आशुतोष गोवारिकर के हाथों में है। 'लगान' व 'स्वदेश' जैसी फिल्मों के माध्यम से भारतीय इतिहास, समाज और संस्कृति को प्रभावशाली सिनेमाई रूप देने वाले गोवारिकर का अनुभव इस आयोजन के लिए महत्वपूर्ण है। ओपनिंग सेरिमनी का एक बड़ा आकर्षण तीन बार ग्रैमी पुरस्कार प्राप्त संगीतकार रिक्की केज की विशेष सिम्फनी प्रस्तुति रही, समारोह में संगीत ने सभी को आकर्षित किया वहीं महोत्सव के प्रतीक मोर को केंद्र में रखकर प्रस्तुत भारतीय नृत्य देखने वाला था।
इस बार महोत्सव की उद्घाटन फिल्म पोलैंड के प्रसिद्ध निर्देशक पावेल पाव्लिकोव्स्की की 'Fatherland' है। यह फिल्म वर्ष 1949 के युद्धोत्तर जर्मनी की पृष्ठभूमि पर आधारित है और नोबेल पुरस्कार विजेता लेखक 'थॉमस मान' तथा उनकी बेटी 'एरिका मान' की यात्रा के माध्यम से उस समय के राजनीतिक एवं सामाजिक विभाजन को प्रस्तुत करती है। पाव्लिकोव्स्की की फिल्म 'इड़ा' और 'कोल्ड वार' पहले ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी हैं। इस वर्ष उनकी फिल्म 'फदरलैंड' को कान फिल्म महोत्सव में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला है। महोत्सव की मध्यवर्ती फिल्म रोमानिया की अलीना शेरबान द्वारा निर्देशित 'I Matter' और समापन फिल्म सिंगापुर के एंथनी चेन की 'वि आर आल स्ट्रेंजर्क है।
भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने के लिए इंडियन पैनोरमा इस आयोजन का एक महत्वपूर्ण विभाग है। इस वर्ष इसमें फीचर और नॉन-फीचर दोनों श्रेणियों की फिल्में प्रदर्शित की जा रही हैं। हिंदी फिल्म 'धुरंधर' को फीचर श्रेणी की उद्घाटन फिल्म तथा लद्दाखी फिल्म 'बिकमिंग' को नॉन-फीचर श्रेणी की उद्घाटन फिल्म चुना गया है। भारतीय पैनोरमा की निर्णायक समितियों में फिल्मकार मधुर भंडारकर और हिमांशु शेखर खटुआ को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
इस वर्ष स्पेन को सम्मानित देश और रूस को भागीदार देश के रूप में शामिल किया गया है। इसके अतिरिक्त ब्रिक्स देशों के सिनेमा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ब्रिक्स के सभी 11 सदस्य देशों की फिल्मों को विशेष खंड में स्थान दिया गया है वहीं भारतीय फिल्म 'रामायण' को इस विशेष प्रस्तुति के उद्घाटन के लिए चुना गया है। इस वर्ष एनीमेशन और 'फिल्म्स अबाउट फिल्म्स' नाम से दो नए खंड भी जोड़े गए हैं।
इफ्फी का एक महत्वपूर्ण पक्ष 'वेव्स फिल्म बाजार' भी है, जो भारतीय फिल्म उद्योग को अंतरराष्ट्रीय फिल्म बाजार से जोड़ने का कार्य करता है। यहां फिल्म निर्माता, निर्देशक, निवेशक, वितरक और ओटीटी कंपनियां नए प्रोजेक्ट्स, सह-निर्माण और वितरण की संभावनाओं पर विचार-विमर्श करते हैं। वहीं युवा फिल्मकारों के लिए क्रिएटिव माइंड्स का टुमारो (CMOT) का छठा संस्करण आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देशभर से चयनित 100 प्रतिभागियों को फिल्म निर्माण की विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
इस आयोजन का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है कि भारत आज दुनिया के सबसे बड़े फिल्म निर्माण केंद्रों में शामिल है। यहां अनेक भाषाओं में फिल्में बनती हैं और प्रत्येक क्षेत्र की अपनी विशिष्ट कथा परंपरा है। रामायण और महाभारत जैसे महाकाव्यों से लेकर आधुनिक सामाजिक विषयों तक, भारतीय फिल्मकारों के पास ऐसी कहानियों का विशाल संसार है, जो वैश्विक दर्शकों को आकर्षित करने की क्षमता रखता है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम और गोवा सरकार की एंटरटेनमेंट सोसायटी ऑफ गोवा के संयुक्त प्रयासों से आयोजित यह महोत्सव आगामी 28 नवंबर तक चलेगा। नौ दिनों तक गोवा के विभिन्न सिनेमाघरों में देश-विदेश की फिल्में प्रदर्शित होंगी। मास्टरक्लास, कार्यशालाएं, परिचर्चाएं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और फिल्मकारों के साथ संवाद के माध्यम से यह आयोजन सिनेमा के विद्यार्थियों, युवा व अनुभवी फिल्मकारों को सिनेमा को समझने का अवसर प्रदान करेगा।
भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की वास्तविक उपलब्धि केवल इसमें प्रदर्शित होने वाली फिल्मों की संख्या या अंतरराष्ट्रीय हस्तियों की उपस्थिति में नहीं है, बल्कि इस बात में है कि यह भारत ओर विश्व सिनेमा के बीच संस्कृत सेतु का कार्य करता है। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सांस्कृतिक और रचनात्मक अर्थव्यवस्था को वैश्विक स्तर पर प्रोत्साहित करने की दिशा में इफ्फी ओर वेव्स भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है।
गोवा के पणजी में 20 से 28 नवंबर तक आयोजित इस नौ दिवसीय महोत्सव में एक बार फिर सम्मिलित होना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। अगले कुछ दिनों तक आप पाठकों को विश्व सिनेमा के इस अनूठे संगम से समाचारों और विचारों के आदान-प्रदान का यह सिलसिला जारी रहेगा।