हिंदू धर्म और भारत विरोध का नैरेटिव गढ़ती आईएएमसी से राहुल गांधी की निकटता आखिर क्या कहती है?

भारत को नाजी जर्मनी से तुलना, हिंदुत्व को वैश्विक खतरा बताने और अमेरिकी संस्थाओं में भारत के खिलाफ लॉबिंग के आरोपों से घिरे संगठन के प्रमुख की राहुल गांधी के कार्यक्रम में मौजूदगी ने खड़े किए गंभीर राजनीतिक प्रश्‍न!

विश्व संवाद केंद्र, भोपाल    25-Nov-2026
Total Views |
हिंदू धर्म और भारत विरोध का नैरेटिव गढ़ती आईएएमसी से राहुल गांधी की निकटता आखिर क्या कहती है?
 
- डॉ. मयंक चतुर्वेदी
वरिष्‍ठ पत्रकार 
 
अमेरिका स्थित इंडियन अमेरिकन मुस्लिम काउंसिल (IAMC) एक ऐसा संगठन है, जिसके कार्यकारी निदेशक रशीद अहमद भारत की तुलना नाजी जर्मनी से करने, हिंदुत्व को दुनिया के लिए खतरा बताने और अमेरिकी सरकार से भारत के खिलाफ कड़े कदम उठाने की पैरवी करने वाले बयान ही नहीं देते, इस विमर्श के लिए समय-समय पर संगोष्‍ठियों एवं अन्‍य कार्यक्रमों का आयोजन भी करते हैं।
 
अब इसी संगठन के प्रमुख की राहुल गांधी के शिकागो विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में मौजूदगी ने कांग्रेस की राजनीतिक प्राथमिकताओं को लेकर एक बार फिर संकेत दिया है कि आखिर राहुल गांधी के नेतृत्‍व में चल रही आज की कांग्रेस किस दिशा में जा रही है। सवाल सीधा है, भारत के लोकतंत्र, हिंदू समाज-संस्‍कृति, हिन्‍दू सभ्‍यता और हिंदुत्व के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय विमर्श खड़ा करने के कार्य में लगे संगठन के नेतृत्व के साथ राहुल गांधी की सार्वजनिक निकटता आखिर किस राजनीतिक संदेश की ओर इशारा करती है?
 
भारत की आलोचना से आगे, हिंदुत्व के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय अभियान
 
वर्ष 2002 में स्थापित इंडियन अमेरिकन मुस्लिम काउंसिल (आईएएमसी) अमेरिका में सक्रिय एक एडवोकेसी संगठन है। इसके सह-संस्थापक रशीद अहमद वर्तमान में कार्यकारी निदेशक हैं। संगठन का घोषित उद्देश्य भारत में धार्मिक स्वतंत्रता और अल्पसंख्यकों के अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाना है, इसके लिए वह अमेरिकी सांसदों, सरकारी संस्थाओं और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार पैरवी करता रहा है।
 
वस्‍तुत: यहां समस्या धार्मिक स्वतंत्रता की बात उठाने में नहीं है। लोकतंत्र में सरकार की आलोचना और मानवाधिकारों पर सवाल उठाना हर संगठन का अधिकार है। सवाल तब पैदा होता है, जब किसी देश की सरकार की आलोचना करते-करते पूरे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, बहुसंख्यक समाज और उसकी सांस्कृतिक-वैचारिक पहचान को कठघरे में खड़ा करने वाली भाषा इस्तेमाल होने लगती है और वह इस सीमा तक चल जाती है कि उसमें नफरत साफ दिखाई देने लगती है!
 
रशीद अहमद के सार्वजनिक बयानों में हिन्‍दू धर्म और भारत के प्रति घोर नफरत देखी जा सकती है। मई-जून 2022 में प्रकाशित एक साक्षात्कार में उन्होंने भारत की परिस्थितियों की तुलना 1939 के नाजी जर्मनी से की। भारत में मुसलमानों के विरुद्ध नरसंहार जैसी परिस्थितियां बनने की आशंका जताई और हिंदुत्व को आक्रामक राजनीतिक विचारधारा के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भारत के खिलाफ दबाव बनाने के लिए व्यापक अभियान चलाने की अपील भी की। एक तरह से देखें तो यह किसी एक सरकारी फैसले की आलोचना भर नहीं थी। इन बयानों ने भारत की राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों को अंतरराष्ट्रीय विमर्श में किस रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है, इस पर गंभीर बहस खड़ा करने का आगे प्रयास किया गया।
 
हिंदुत्व को वैश्विक खतरा बताने की मुहिम
 
रशीद अहमद ने हिंदुत्व को दुनिया में तेजी से बढ़ती इस्लामोफोबिक विचारधाराओं में से एक बताया। उन्होंने अमेरिकी राजनीतिक संस्थाओं, कांग्रेस के गलियारों और नागरिक समाज में हिंदू राष्ट्रवादी संगठनों के प्रभाव का मुकाबला करने की वकालत की। यहां एक महत्वपूर्ण प्रश्न है। हिंदुत्व की राजनीतिक विचारधारा से असहमति रखना लोकतांत्रिक अधिकार हो सकता है, मगर क्या किसी विचारधारा के विरोध को पूरे हिंदू समाज की अंतरराष्ट्रीय छवि से जोड़ना उचित है? क्या हिंदुत्व की आलोचना और हिंदू पहचान को संदेह के घेरे में खड़ा करने के बीच अंतर नहीं किया जाना चाहिए? जबकि हिन्दुत्व वह शाश्वत जीवन-दर्शन है जो 'सर्वे भवन्तु सुखिनः' के उद्घोष से संपूर्ण मानवता के कल्याण की कामना करता है और 'द्यौः शान्तिः' के मंत्र से समस्त विश्व में शांति व सद्भाव की स्थापना का संकल्प दोहराता है।
 
इस इंडियन अमेरिकन मुस्लिम काउंसिल (आईएएमसी) की गतिविधियों को लेकर मूल तथ्‍य भी यही है कि संगठन की अंतरराष्ट्रीय पैरवी का दायरा भारत में कथित मानवाधिकार उल्लंघनों के नाम पर हिन्‍दू धर्म, समाज और हिंदुत्व के विरुद्ध व्यापक वैश्विक वैचारिक अभियान चलाना है।
 
अमेरिकी संस्थाओं के जरिए भारत पर दबाव
 
आईएएमसी की गतिविधियों का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष अमेरिकी संस्थाओं में उसकी लॉबिंग है। संगठन ने अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता आयोग (यूएससीआईआरएफ) की भारत को विशेष चिंता वाला देश यानी सीपीसी घोषित करने की सिफारिशों का समर्थन ही नहीं किया है, बल्‍कि भारत कैसे सीपीसी के दायरे में रहे, इसके लिए अनेक प्रयास यह संगठन करता है। स्‍वयं रशीद अहमद ने तत्कालीन अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन से भी भारत को सीपीसी घोषित करने की मांग की थी।
 
अक्टूबर 2023 में भारत सरकार की कानूनी मांग के बाद इंडियन अमेरिकन मुस्लिम काउंसिल (आईएएमसी) के एक्स अकाउंट पर भारत में रोक लगाए जाने के घटनाक्रम को उन्होंने तानाशाही से जोड़कर प्रस्तुत किया। जनवरी 2023 में प्रकाशित अपने एक लेख में उन्होंने भारत सरकार के लिए फासीवादी शासन जैसी भाषा का इस्तेमाल किया। यहां चिंता अमेरिकी आयोग की सिफारिश से बहुत ज्‍यादा उस राजनीतिक अभियान की प्रकृति की है, जिसके जरिए भारत के आंतरिक मामलों को लगातार विदेशी राजनीतिक और कूटनीतिक दबाव का विषय बनाया जा रहा है।
 
जमात-ए-इस्लामी से लेकर मुस्लिम ब्रदरहुड तक, विवादों का घेरा
 
इंडियन अमेरिकन मुस्लिम काउंसिल को लेकर संगठनात्मक संबंधों के आरोप भी लगातार सामने आते रहे हैं। विभिन्न जांच समूहों ने इसके कथित संपर्कों के पाकिस्तान समर्थित जमात-ए-इस्लामी, मुस्लिम ब्रदरहुड और इस्लामिक सर्कल ऑफ नॉर्थ अमेरिका (आईसीएनए) से जुड़ने के साक्ष्‍य दिए हैं। कुछ रिपोर्टों में आईसीएनए के माध्यम से लश्कर-ए-तैयबा से कथित अप्रत्यक्ष संबंधों और भारत में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) से संपर्कों के आरोप भी सामने आए हैं। नवंबर 2021 में त्रिपुरा से जुड़े एक मामले में आईएएमसी से संबद्ध सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर पुलिस जांच की खबरें भी प्रकाशित हुई थीं। इन रिपोर्टों में पाकिस्तान के जमात नेटवर्क और आईएसआई से कथित संबंधों की बात कही गई थी।
 
राहुल गांधी का समर्थन, फिर शिकागो में रशीद अहमद की मौजूदगी
 
अब आप देखेंगे क‍ि राहुल गांधी और इंडियन अमेरिकन मुस्लिम काउंसिल (आईएएमसी) के बीच सार्वजनिक राजनीतिक संपर्कों का सिलसिला भी पुराना है। मार्च 2023 में मानहानि मामले में दोषसिद्धि के बाद राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता समाप्त किए जाने पर आईएएमसी ने उनके समर्थन में बयान जारी किया था। रशीद अहमद ने इसे लोकतांत्रिक सिद्धांतों का उल्लंघन बताते हुए अमेरिकी प्रशासन और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप की अपील की थी।
 
जून 2023 में राहुल गांधी की अमेरिका यात्रा के दौरान न्यूयॉर्क के कार्यक्रम को लेकर भी विवाद हुआ था। कुछ जांच समूहों ने कार्यक्रम के लिए प्रसारित पंजीकरण अभियान के समन्वयकों के कथित संगठनात्मक संपर्कों पर सवाल उठाए थे। अब 20 नवंबर 2026 को शिकागो विश्वविद्यालय में राहुल गांधी के कार्यक्रम के दौरान रशीद अहमद की मौजूदगी की तस्वीर सामने आईं। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने इस तस्वीर को साझा करते हुए इंडियन अमेरिकन मुस्लिम काउंसिल के कथित संगठनात्मक संपर्कों और भारत के खिलाफ उसके अंतरराष्ट्रीय अभियानों का मुद्दा उठाया है।
 
इस घटनाक्रम ने एक बार फिर सवाल खड़ा किया है कि राहुल गांधी के राजनीतिक मंच और उनसे जुड़े अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की वैचारिक सीमाएं क्या हैं? क्या कांग्रेस नेतृत्व आईएएमसी की गतिविधियों और उसके विवादित बयानों से सहमत है? यदि नहीं, तब फिर इस संगठन के लोगों की उसके साथ निकटता आखिर क्‍या कहती है?
 
वस्‍तुत: इस पूरे घटनाक्रम का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यही है कि भारत की राजनीति में हिंदुत्व और राष्ट्रवाद पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस के शीर्ष नेता का ऐसे संगठन के नेतृत्व के साथ सार्वजनिक संपर्क सामने आया है, जिसके भारत संबंधी बयानों और अंतरराष्ट्रीय लॉबिंग को लेकर लगातार विवाद उठते रहे हैं। भारत की आलोचना करना और भारत विरोधी नैरेटिव गढ़ना दो अलग बातें हैं। सरकार की नीतियों से असहमति लोकतंत्र का हिस्सा है, मगर किसी देश की तुलना नाजी जर्मनी से करना, उसके बहुसंख्यक समाज की विचारधारा को वैश्विक खतरे के रूप में प्रस्तुत करना और विदेशी संस्थाओं से लगातार दंडात्मक कार्रवाई की मांग करना गंभीर चिंता पैदा करता है और यह गहन विमर्श का विषय बन जाता है।
 
राहुल गांधी की राजनीति और कांग्रेस की वैचारिक प्रतिबद्धताओं के संदर्भ में इन सवालों का जवाब महत्वपूर्ण है। क्या कांग्रेस आईएएमसी के बयानों से सहमत है? क्या वह हिंदुत्व के विरोध और हिंदू समाज की अंतरराष्ट्रीय छवि के बीच अंतर करती है? क्या भारत के खिलाफ विदेशी मंचों पर चलने वाली लॉबिंग को वह उचित मानती है?
 
बेशक, भारत के लोकतंत्र की आलोचना करने का अधिकार सबको है, किंतु भारत की छवि, हिंदू समाज और उसकी सांस्कृतिक पहचान पर अंतरराष्ट्रीय विमर्श खड़ा करने वाले संगठनों के साथ राजनीतिक संपर्कों पर जवाबदेही भी जरूरी है। राहुल गांधी और कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि इंडियन अमेरिकन मुस्लिम काउंसिल (आईएएमसी) के साथ उनका रिश्ता क्‍या कहलाता है ? क्‍या यह माना जाए कि राहुल गांधी और उनकी कांग्रेस भी इस भारत विरोधी संगठन के भारत संबंधी विमर्श के प्रति भी कोई राजनीतिक सहमति रखती है?