जगद्गुरु स्वामी सत्यानन्द सरस्वती: हिमालय की एकांत साधना छोड़ समाज की चेतना जगाने निकला एक संन्यासी, जिसने केरल की सांस्कृतिक धारा को नई दिशा दी

विश्व संवाद केंद्र, भोपाल    25-Nov-2026
Total Views |
जगद्गुरु स्वामी सत्यानन्द सरस्वती: हिमालय की एकांत साधना छोड़ समाज की चेतना जगाने निकला एक संन्यासी, जिसने केरल की सांस्कृतिक धारा को नई दिशा दी
 
 
डॉ. मयंक चतुर्वेदी
वरिष्‍ठ पत्रकार  
 
कुछ व्यक्तित्व इतिहास में अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर चले नहीं जाते, वे अपने विचारों, तपस्या और कर्म की ऐसी अमिट छाप छोड़ जाते हैं, जो पीढ़ियों तक समाज को दिशा देती रहती है। उनका जीवन सिर्फ अपनी मुक्‍ति के लिए आध्यात्मिक यात्रा न रहकर एक पूरे समाज के आत्मबोध, जागरण और पुनर्स्थापना की गाथा बन जाता है। वस्‍तुत: दक्षिण भारत की धरती पर ऐसे ही एक विलक्षण संन्यासी हुए हैं- जगद्गुरु स्वामी सत्यानन्द सरस्वती।
 
उन्होंने संन्यास को संसार से विरक्ति का पर्याय न बनाकर समाज के प्रति उत्तरदायित्व, सांस्कृतिक अस्मिता और सनातन चेतना के पुनर्जागरण का माध्यम बनाया। 24 नवम्बर 2006 को केरल के तिरुवनंतपुरम स्थित श्री रामदास आश्रम, चेंगोट्टूकोणम में उनकी महासमाधि हुई, किंतु उनके जीवन का संदेश आज भी दक्षिण भारत की सांस्कृतिक चेतना में स्मरण किया जाता है।
 
स्वामी सत्यानन्द सरस्वती की जीवन यात्रा को समझने के लिए उस दौर के केरल की सामाजिक और वैचारिक परिस्थितियों को समझना आवश्यक है। भारत को 1947 में राजनीतिक स्वतंत्रता मिल चुकी थी, किंतु सांस्कृतिक आत्मविश्वास की पुनर्स्थापना का कार्य अभी शेष था। केरल में वामपंथी विचारधारा, नास्तिकता, धार्मिक संगठनों की सक्रियता, धर्मांतरण संबंधी चिंताएँ और हिंदू समाज के भीतर विद्यमान जातिगत विभाजन सामाजिक विमर्श के प्रमुख विषय थे।
 
एक ओर आधुनिकता और प्रगतिशीलता के नाम पर मार्क्‍सवादी, कम्‍युनिष्‍टों द्वारा परंपराओं की आलोचना हो रही थी, तो दूसरी ओर धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को लेकर भी विभिन्न स्तरों पर संघर्ष दिखाई दे रहे थे। इन परिस्थितियों में सनातन समाज के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी सांस्कृतिक जड़ों के प्रति आत्मविश्वास बनाए रखने और आंतरिक विभाजनों से ऊपर उठने की थी।
 
इसी संक्रमणकाल में तिरुवनंतपुरम के अण्डूरकोणम ग्राम से एक ऐसी चेतना का उदय हुआ, जिसने आने वाले दशकों में केरल के सामाजिक और धार्मिक जीवन को प्रभावित किया। 22 सितम्बर 1933 को एक धर्मनिष्ठ नायर परिवार में जन्मे शेखरन पिल्लई का बचपन संस्कृत साहित्य, अध्यात्म रामायण और मलयालम की पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत के बीच बीता। कुछ आश्रम अभिलेखों में उनका जन्मवर्ष 1935 भी उल्लिखित है। प्रारंभिक शिक्षा गाँव में प्राप्त करने के बाद वे उच्च शिक्षा के लिए तिरुवनंतपुरम आए। शिक्षा पूर्ण होने पर थुंडाथिल स्थित माधव विलासम् हाई स्कूल में शिक्षक नियुक्त हुए।
 
एक शिक्षक के रूप में शेखरन पिल्लई विद्यार्थियों के बीच लोकप्रिय थे। उनके लिए शिक्षा का अर्थ पाठ्यक्रम पूरा कराना भर नहीं था। वे विद्यार्थियों को भारतीय इतिहास, सनातन दर्शन, सांस्कृतिक परंपराओं और 'वसुधैव कुटुम्बकम्' के व्यापक मानवीय आदर्श से भी परिचित कराते थे, किंतु उनके भीतर एक गहरी बेचैनी आकार ले रही थी। जिस संस्कृति ने संसार को सह-अस्तित्व, सहिष्णुता और समस्त प्राणियों के कल्याण का संदेश दिया, उसी संस्कृति का अपना समाज आत्महीनता, जातिगत विभाजन और वैचारिक असमंजस से क्यों जूझ रहा है? यही प्रश्न उनके जीवन की दिशा निर्धारित करने वाला बना।
 
हिमालय की गुफाओं से अधिक महत्वपूर्ण लगा समाज का आह्वान
 
आध्यात्मिक जिज्ञासा उन्हें संतों के सान्निध्य तक ले गई। इसी क्रम में उनका संपर्क तिरुवनंतपुरम के चेंगोट्टूकोणम स्थित श्री रामदास आश्रम के पीठाधिपति ब्रह्मश्री नीलकंठ गुरुपादर से हुआ। वर्ष 1964 में उन्होंने विधिवत दीक्षा ग्रहण की। उस समय उनके मन में हिमालय जाकर एकांत साधना करने की इच्छा थी। किंतु गुरु ने उन्हें रोक दिया। उनके लिए यह केवल एक निर्देश नहीं, बल्कि जीवन का नया दर्शन था। गुरु का संदेश था कि जब समाज को तुम्हारी आवश्यकता है, तब एकांत में जाकर साधना करने की अपेक्षा समाज के बीच रहकर धर्म और संस्कृति की सेवा करना अधिक महत्वपूर्ण है।
 
इस आदेश ने शेखरन पिल्लई के जीवन की दिशा बदल दी। वर्ष 1966 में दिल्ली में आयोजित ऐतिहासिक गौरक्षा आंदोलन में उनकी सहभागिता हुई। इसके पश्चात उन्होंने संन्यास दीक्षा ग्रहण की और स्वामी सत्यानन्द सरस्वती के नाम से सनातन सेवा के मार्ग पर अग्रसर हुए। गुरु के महासमाधि लेने के बाद श्री रामदास आश्रम का दायित्व भी उनके कंधों पर आया। अब उनके सामने व्यक्तिगत आध्यात्मिक साधना के साथ समाज को संगठित करने और सांस्कृतिक चेतना के विस्तार का व्यापक कार्य था।
 
जातिगत दीवारों के पार सामाजिक एकता का संकल्प
 
स्वामी सत्यानन्द सरस्वती ने केरल के गाँव-गाँव की पदयात्रा कर समाज की वास्तविक परिस्थितियों को समझा। उन्होंने अनुभव किया कि हिंदू समाज की सबसे बड़ी कमजोरियों में से एक उसका आंतरिक विभाजन है। जाति और उपजाति की सीमाओं ने सामाजिक आत्मीयता को कमजोर किया है। ऐसी स्थिति में सांस्कृतिक एकता का कोई भी प्रयास तब तक अधूरा रहेगा, जब तक समाज के विभिन्न वर्ग एक-दूसरे को समान आत्मीयता और सम्मान के साथ स्वीकार नहीं करेंगे।
 
इसी सोच के साथ उन्होंने 'कुटुम्ब समितियों', 'यंग मैन्स हिन्दू एसोसिएशन', 'मैथिली मण्डलम्' और 'बालप्रपंचम्' जैसे संगठनों की स्थापना और विस्तार में भूमिका निभाई। इन माध्यमों से परिवारों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास हुआ। उनके लिए संगठन का अर्थ समाज के भीतर आत्मीयता, संस्कार और साझा सांस्कृतिक उत्तरदायित्व का निर्माण करना था।
 
उनके भाषणों में इतिहास का ज्ञान, शास्त्रों का संदर्भ और समकालीन परिस्थितियों का विश्लेषण एक साथ दिखाई देता था। वे समाज को उसकी परंपराओं का बोध कराते हुए आत्मसम्मान के साथ खड़े होने की प्रेरणा देते थे। धीरे-धीरे उनका प्रभाव केरल के विभिन्न क्षेत्रों में दिखाई देने लगा।
 
1983 : ज्योति प्रयाण से जागृत हुई सांस्कृतिक चेतना
 
स्वामी सत्यानन्द सरस्वती के सार्वजनिक जीवन में वर्ष 1983 एक महत्वपूर्ण पड़ाव बनकर आया। अप्रैल में उत्तरी केरल की पालुकाचिमला पहाड़ी पर स्थित एक प्राचीन मंदिर की मूर्तियों को खंडित किए जाने की घटना सामने आई। इस घटना ने समाज में व्यापक चिंता और आक्रोश उत्पन्न किया। स्वामी जी ने इस परिस्थिति को सिर्फ एक मंदिर तक सीमित घटना के रूप में नहीं देखा, इसे सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक स्थलों के प्रति समाज की जागरूकता से जोड़कर समझा।
 
उन्होंने केरल के प्रमुख संतों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया और पालुकाचिमला से कन्याकुमारी तक ऐतिहासिक 'ज्योति प्रयाण' संत यात्रा का नेतृत्व किया। इस यात्रा के दौरान आठ सौ से अधिक जनसभाएँ आयोजित की गईं। संतों की यह यात्रा धार्मिक जागरूकता, सांस्कृतिक एकता और सामाजिक संगठन का व्यापक अभियान बनी। केरल के विभिन्न क्षेत्रों में पहुँची इस यात्रा ने मंदिरों, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को लेकर नई चर्चा पैदा की।
 
इसी वर्ष सबरीमाला तीर्थयात्रा मार्ग के निकट नीलक्कल महादेव मंदिर के समीप चर्च निर्माण को लेकर विवाद सामने आया। यह विषय धार्मिक आस्था, ऐतिहासिक दावों और विभिन्न समुदायों के बीच तनाव से जुड़ गया। समाधान के प्रयासों के लिए गठित 'नीलक्कल एक्शन काउंसिल' का अध्यक्ष स्वामी सत्यानन्द सरस्वती को बनाया गया। उन्होंने नेतृत्व और संवाद के माध्यम से विवाद के समाधान के प्रयास किए। नीलक्कल का यह प्रसंग उनके संगठनात्मक जीवन का महत्वपूर्ण अध्याय बना।
 
इन आंदोलनों से प्राप्त अनुभव ने उन्हें यह समझने में सहायता दी कि अलग-अलग हिंदू संगठनों के प्रयासों को एक साझा मंच की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से 'हिन्दू ऐक्य वेदी' की स्थापना हुई। वे जीवनपर्यंत इसके अध्यक्ष रहे। इस मंच के माध्यम से केरल के हिंदू संगठनों के बीच समन्वय और सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।
 
अयोध्या से केरल तक श्रीराम के सांस्कृतिक सेतु का विस्तार
 
स्वामी सत्यानन्द सरस्वती का चिंतन क्षेत्रीय सीमाओं में बंधा हुआ नहीं था। वे विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल के वरिष्ठ सदस्य थे और श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन से भी गहराई से जुड़े रहे। विहिप के तत्कालीन अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अशोक सिंघल के साथ उन्होंने दक्षिण भारत में इस आंदोलन के प्रति जनजागरण का कार्य किया।
 
उनका प्रयास था कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि का विषय दक्षिण भारत के समाज के लिए भी सांस्कृतिक और धार्मिक विमर्श का हिस्सा बने। इसी दिशा में वर्ष 1989 में दक्षिण भारतीय राज्यों से होकर गुजरने वाली वार्षिक 'श्रीराम नवमी रथयात्रा' की शुरुआत की गई। अयोध्या के संतों और विद्वानों को केरल आमंत्रित कर तिरुवनंतपुरम में प्रतिवर्ष रामनवमी मेले की परंपरा आरंभ करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
 
वर्ष 1990 और 1992 की कारसेवाओं में वे स्वयं केरल से रामभक्तों और संतों के समूह के साथ अयोध्या पहुँचे। इस प्रकार उन्होंने उत्तर और दक्षिण भारत के बीच धार्मिक तथा सांस्कृतिक संवाद को मजबूत करने का प्रयास किया। उनके लिए श्रीराम भारतीय जनमानस में प्रतिष्ठित मर्यादा, आदर्श और सांस्कृतिक स्मृति के प्रतीक थे।
 
आंदोलन से आगे विचार और रचनात्मकता की स्थापना
 
स्वामी जी की दूरदृष्टि का एक महत्वपूर्ण पक्ष यह था कि वे किसी भी सामाजिक परिवर्तन को केवल आंदोलनों के सहारे स्थायी बनाने के पक्ष में नहीं थे। उनका मानना था कि समाज को निरंतर जागृत रखने के लिए विचार, साहित्य, पत्रकारिता और रचनात्मक गतिविधियों की आवश्यकता होती है।
 
केरल के मीडिया जगत में सनातन और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद से जुड़े विचारों को स्थान देने के उद्देश्य से उन्होंने 'पुण्यभूमि' नामक दैनिक समाचार पत्र का प्रकाशन आरंभ किया और स्वयं इसके संपादक बने। यह समाचार पत्र उनके विचारों और सांस्कृतिक दृष्टिकोण की अभिव्यक्ति का माध्यम बना।
 
उनकी रुचि सिद्ध योग, आयुर्वेद और औषधीय वनस्पतियों में भी थी। स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने तथा विदेशी शीतल पेयों के विकल्प विकसित करने के उद्देश्य से उन्होंने 'मनीषी हर्बल रिसर्च फाउंडेशन' की स्थापना की। इसी प्रयास में जड़ी-बूटियों से निर्मित 'हर्बल कोला' तैयार किया गया। यह पहल उनके व्यापक चिंतन को रेखांकित करती है, जिसमें सांस्कृतिक चेतना के साथ स्वदेशी और स्वास्थ्य का विषय भी महत्वपूर्ण था।
 
समरसता, आध्यात्मिकता और ज्योति क्षेत्रम् की स्थापना
 
स्वामी सत्यानन्द सरस्वती के जीवन का एक अत्यंत महत्वपूर्ण पक्ष सामाजिक समरसता था। उन्होंने अपने आश्रम के द्वार समाज के सभी वर्गों के लिए खोले। जातिगत भेदभाव और छुआछूत को सामाजिक एकता के मार्ग की बाधा मानते हुए उन्होंने व्यवहार में समरसता को प्रतिष्ठित करने का प्रयास किया। वर्ष 2000 में तिरुवनंतपुरम में आयोजित 'शताकोटि अर्चना' इस दिशा में एक उल्लेखनीय आयोजन था। माँ भगवती के सौ करोड़ नामों के सामूहिक जाप के इस आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। जातिगत विभेद से ऊपर उठकर सामूहिक धार्मिक सहभागिता का संदेश इस आयोजन की विशेषता बना।
 
आश्रम परिसर में उन्होंने 108 फीट ऊँचे अद्वितीय मंदिर 'ज्योति क्षेत्रम्' का निर्माण कराया। यहाँ देश के प्रमुख तीर्थस्थलों की अखंड ज्योतियाँ स्थापित की गईं। यह मंदिर उनके आध्यात्मिक चिंतन और सांस्कृतिक एकात्मता की भावना का प्रतीक बना। उनका विश्वास था कि सनातन धर्म का मूल भाव विश्वकल्याण, मानवता और आत्मिक स्वतंत्रता है। धर्म मनुष्य को जोड़ने का माध्यम बने और उसके भीतर निहित मानवीय चेतना के विकास में सहायक हो, यही उसकी सार्थकता है।
 
महासमाधि के बाद भी जीवित है एक संन्यासी की साधना
 
24 नवम्बर 2006 को 73 वर्ष की आयु में स्वामी सत्यानन्द सरस्वती ने महासमाधि ली। उनके जाने से केरल के सामाजिक और धार्मिक जीवन में एक महत्वपूर्ण अध्याय का समापन हुआ, किंतु उनके कार्यों और विचारों की स्मृति बनी रही। नीलक्कल आंदोलन से लेकर जीवनपर्यंत उनके निकट सहयोगी रहे पूर्व राज्यपाल कुम्मनम राजशेखरन ने उन्हें 'निष्काम कर्मयोगी' कहा और केरल के हिंदू समाज के लिए प्रकाश स्तंभ के रूप में स्मरण किया।
 
विश्व हिन्दू परिषद के वरिष्ठ नेतृत्व ने उन्हें दक्षिण भारत का धर्मरक्षक कहा। उनके प्रखर वक्तृत्व, सामाजिक कार्यों और वैचारिक योगदान के कारण केरल के प्रबुद्ध समाज में उन्हें सम्मानपूर्वक 'केरल का विवेकानंद' भी कहा जाता रहा। उनके जीवन और कार्यों का दस्तावेजीकरण डॉ. बी. बालचंद्रन द्वारा लिखित जीवनी 'स्वामीजीये अरियुक' में मिलता है। श्री रामदास आश्रम प्रकाशन विभाग, चेंगोट्टूकोणम से प्रकाशित इस ग्रंथ के पृष्ठ 1 से 64 तक उनके पूर्वाश्रम, शिक्षण जीवन, संन्यास दीक्षा, ज्योति प्रयाण, नीलक्कल आंदोलन और रामजन्मभूमि आंदोलन से जुड़ी भूमिका का विवरण है।
 
'नीलक्कल: द स्ट्रगल फॉर टेंपल राइट्स' में भी नीलक्कल एक्शन काउंसिल के अध्यक्ष के रूप में उनके योगदान का उल्लेख मिलता है। उनके आश्रम में आज भी उनकी स्मृति में आयोजन होते हैं। 'धर्मपथम्', 'आर्षभारत दर्शनम्' तथा उपनिषदों और भगवद्गीता पर दिए गए उनके व्याख्यान उनकी वैचारिक विरासत के महत्वपूर्ण अंग हैं।
 
वास्‍तव में हम जब उनके संपूर्ण जीवन को गहराई से देखते हैं तो स्वामी सत्यानन्द सरस्वती का जीवन हमें भारतीय संन्यास परंपरा का एक ऐसा स्वरूप दिखाता है, जिसमें तपस्या का अर्थ समाज से विमुख होना नहीं, बल्कि उसके प्रति अपने दायित्व को पहचानना है। उन्होंने हिमालय की एकांत साधना के स्थान पर समाज के बीच रहकर साधना का मार्ग चुना। मंदिरों, धार्मिक परंपराओं, सामाजिक संगठनों, पत्रकारिता, स्वदेशी और सांस्कृतिक चेतना के माध्यम से उन्होंने अपने समय के प्रश्नों से जूझने का प्रयास किया।
 
आज चेंगोट्टूकोणम स्थित श्री रामदास आश्रम के ज्योति क्षेत्रम् में उनकी महासमाधि के समक्ष श्रद्धा से शीश झुकाते हुए यह अनुभव होता है कि किसी संत की वास्तविक स्मृति उसके समाधि स्थल पर होने वाले आयोजनों से आगे उसके जीवन-मूल्यों में सुरक्षित रहती है। समाज के प्रति समर्पण, सांस्कृतिक आत्मबोध, सामाजिक समरसता और लोककल्याण का उनका संदेश आज भी प्रासंगिक है।
 
आइए, उस तपस्वी को नमन करें, जिसने अपने लिए एकांत नहीं, समाज के लिए संघर्ष चुना। उस संन्यासी को नमन करें, जिसने अपनी साधना को सेवा, अपने संकल्प को संगठन और अपने जीवन को सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण के लिए समर्पित कर दिया।
 
जगद्गुरु स्वामी सत्यानन्द सरस्वती को विनम्र श्रद्धांजलि!