अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समाज में जागृत हो निःस्वार्थ सेवा भाव : राजमोहन जी

एचएएल के सीएसआर फंड से बड़ा घोंसलिया में बनेगा 125 लोगों की क्षमता वाला डॉरमेट्री भवन, 7 करोड़ रुपये होंगे खर्च

विश्व संवाद केंद्र, भोपाल    23-Nov-2026
Total Views |
अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समाज में जागृत हो निःस्वार्थ सेवा भाव : राजमोहन जी
 
 
 
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ भूमि पूजन जनजातीय युवाओं के शिक्षा, कौशल विकास और स्वावलंबन को मिलेगी नई दिशा
 
मेघनगर (झाबुआ) जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास, शिक्षा, कौशल संवर्धन और स्वावलंबन को नई दिशा देने की दृष्टि से सेवा भारती मालवा प्रांत द्वारा संचालित जनजातीय सशक्तिकरण केंद्र, बड़ा घोंसलिया में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। यहां प्रशिक्षणार्थियों, प्रशिक्षकों एवं केंद्र में आने वाले सहयोगियों के आवास की सुविधा के लिए प्रस्तावित डॉरमेट्री भवन का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन किया गया। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के सीएसआर फंड से करीब साढे छह करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन में एक समय में लगभग 125 लोगों के ठहरने की व्यवस्था रहेगी।
 
वनवासी सशक्तिकरण केंद्र (भैयाजी ढाणी न्यास), बड़ा घोंसलिया परिसर में आयोजित कार्यक्रम में एचएएल नासिक डिवीजन के डीजीएम नितिन भुजबल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मालवा प्रांत प्रचारक राजमोहन जी तथा सेवा भारती मालवा प्रांत के अध्यक्ष रवि भाटिया विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। विद्वान ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रों के साथ विधि-विधान से भूमि पूजन संपन्न कराया। इसके बाद अतिथियों, सेवा भारती की जिला समिति के सदस्यों, वरिष्ठजनों एवं स्वयंसेवकों ने सपत्नीक पूजन में भाग लेकर कुदाल से भूमि की खुदाई कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
 
निःस्वार्थ सेवा से ही होगा समाज का सर्वांगीण उत्थान
 
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मालवा प्रांत प्रचारक राजमोहन जी ने कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए प्रत्येक व्यक्ति के भीतर निःस्वार्थ सेवा का भाव जागृत होना आवश्यक है। जनजातीय अंचलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी अनेक चुनौतियां हैं। इन चुनौतियों का समाधान केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज की सक्रिय सहभागिता और सामूहिक जिम्मेदारी से संभव है।
 
उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास और स्वावलंबन से जोड़ना समय की आवश्यकता है। सेवा के माध्यम से ही सशक्त और आत्मनिर्भर समाज का निर्माण किया जा सकता है। मेघनगर का बड़ा घोंसलिया केंद्र इसी विचार को धरातल पर उतारते हुए युवाओं, महिलाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। समाज के सक्षम वर्ग को भी आगे आकर जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए अपना योगदान देना चाहिए।
 
एचएएल ने सीएसआर के माध्यम से बढ़ाया सहयोग का हाथ
 
एचएएल नासिक डिवीजन के डीजीएम नितिन भुजबल ने अपने संबोधन में कहा कि कंपनी को लगभग 450 किलोमीटर दूर स्थित इस जनजातीय अंचल में सेवा के पुनीत कार्य से जुड़ने का अवसर मिला है, यह उनके लिए प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने सेवा भारती द्वारा जनजातीय क्षेत्र में किए जा रहे शिक्षा, सेवा और सामाजिक उत्थान के कार्यों की सराहना की।
 
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एचएएल की सीएसआर निधि से बनने वाला डॉरमेट्री भवन विद्यार्थियों, प्रशिक्षणार्थियों और यहां आने वाले सहयोगियों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा। इससे केंद्र में संचालित प्रशिक्षण एवं सेवा गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। अनेक गणमान्यजन रहे उपस्थित कार्यक्रम में एचएएल के स्वतंत्र निदेशक राकेश भावसार, सेवा भारती मालवा प्रांत के सचिव स्वप्निल पराख्या, प्रांत उपाध्यक्ष विनोद बिरला, प्रांत सह-व्यवस्था प्रमुख बलवंत हाड़ा, प्रांत ग्राम विकास प्रमुख सोहन सिंह परमार, सेवा भारती के जिलाध्यक्ष हरिओम पाटीदार तथा प्रकल्प समन्वयक दिनेश चाकणकर सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता, स्वयंसेवक, स्थानीय नागरिक, प्रबुद्धजन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
 
बड़ा घोंसलिया में सेवा और आत्मनिर्भरता का समन्वित प्रकल्प
 
बड़ा घोंसलिया स्थित जनजातीय सशक्तिकरण केंद्र केवल आवासीय सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण और वनवासी समाज के समग्र विकास के उद्देश्य से यहां शिक्षा, स्वास्थ्य, जैविक कृषि और कौशल विकास जैसे विभिन्न आयामों पर कार्य किया जा रहा है।
 
बालक छात्रावास : झाबुआ जिले के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों से आने वाले 40 अभावग्रस्त बालकों के लिए निःशुल्क आवास, शिक्षा और संस्कारयुक्त वातावरण की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके व्यक्तित्व का विकास करना है।
 
जैविक कृषि एवं गौशाला : परिसर में लगभग 20 देसी गायों की गौशाला संचालित है। इसके माध्यम से किसानों को प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग, जैविक खेती, रासायनिक खादों पर निर्भरता कम करने और नर्सरी संबंधी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
 
आरोग्य एवं स्वास्थ्य सेवा : ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, महिलाओं के स्वास्थ्य सुधार और प्राथमिक उपचार से संबंधित गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसका उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण परिवारों तक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और जरूरी सेवाओं की पहुंच बढ़ाना है।
 
कौशल विकास केंद्र : जनजातीय युवाओं को विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। युवाओं को उनकी क्षमता के अनुरूप रोजगार और आजीविका के अवसरों से जोड़ना भी इस पहल का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
 

अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समाज में जागृत हो निःस्वार्थ सेवा भाव : राजमोहन जी
 

अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समाज में जागृत हो निःस्वार्थ सेवा भाव : राजमोहन जी