भोपाल, 10 सितम्बर।
वर्तमान समय में भारतीय संस्कृति ही विश्व का मार्गदर्शन कर सकती है। भारत कभी तलवार के बल पर नहीं, बल्कि ज्ञान के बल पर विश्वगुरु बना था। युद्ध या आक्रमण से कोई देश अधिक समय तक नहीं जीता जा सकता, लेकिन शिक्षा और ज्ञान का प्रभाव दूरगामी होता है। यह बात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक श्री अशोक पाण्डेय ने आज भारतीय शिक्षण मंडल के अखिल भारतीय विस्तारक वर्ग के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि एक हजार वर्षों की पराधीनता और तीन सौ वर्षों की कुटिल नीतियों ने हमारी गौरवशाली ज्ञान-परंपरा को आघात पहुँचाया, किंतु अब शोध और अध्ययन के बल पर भारत-केंद्रित शिक्षा की पुनर्स्थापना का महायज्ञ प्रारंभ हुआ है। भारतीय शिक्षण मंडल इसी महायज्ञ का अग्रणी सहभागी है। श्री पाण्डेय ने कहा, “आज अधिकांश युवा केवल अपने लिए जीते हैं, ऐसे समय में शिक्षण मंडल के विस्तारक राष्ट्रहित के लिए घर-परिवार छोड़कर कार्य में जुटे हैं। यही समर्पण आज की आवश्यकता है।”
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि भारतीय शिक्षण मंडल के अखिल भारतीय महामंत्री डॉ. भरतशरण सिंह ने कहा कि संगठन में प्रशिक्षण अनिवार्य है। हम परिवर्तन के दौर में हैं। जब भारत को भारत के दृष्टिकोण से देखते हैं, तब ‘महर्षि मॉडल’ सम्पूर्ण विश्व का मार्गदर्शन करने में सक्षम सिद्ध होता है। सात दिन के इस वर्ग में विस्तारकों के भीतर यही दृष्टिकोण और कुशलता विकसित होगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. गोवर्धन दास, निदेशक, आइसर भोपाल एवं भारतीय शिक्षण मंडल के अखिल भारतीय उच्च शिक्षा गतिविधि प्रमुख ने कहा कि जब विश्व अज्ञान के अंधकार में डूबा था, तब भारत प्रकाश देता था। आज शिक्षा और तकनीक के साथ हम चरित्र निर्माण के बल पर विकसित भारत का निर्माण करेंगे
इस अवसर पर भारतीय शिक्षण मंडल के अखिल भारतीय संगठन महामंत्री बी.आर. शंकरानंद, अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख डॉ. संजय पाठक, अखिल भारतीय संयुक्त महामंत्री पंकज नाफड़े, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के कुलपति विजयमनोहर तिवारी, भारतीय शिक्षण मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ हरिहर वसंत गुप्ता, सहित प्रांत कार्यकारिणी के सदस्य, विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के प्राध्यापक एवं बुद्धिजीवी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
16 सितम्बर तक चलेगा अखिल भारतीय विस्तारक वर्ग
भारतीय शिक्षण मंडल का यह अखिल भारतीय विस्तारक वर्ग 10 से 16 सितम्बर तक आइसर भोपाल में चलेगा। इसमें देशभर से आए 32 विस्तारक भाग ले रहे हैं। वर्ग में उन्हें बौद्धिक, शारीरिक एवं सांगठनिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
पुस्तक एवं न्यूज लेटर का विमोचन
इस अवसर पर भारतीय शिक्षण मंडल की वर्षभर की गतिविधियों पर केंद्रित न्यूज लेटर का विमोचन किया गया। साथ ही अर्चना प्रकाशन द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘इंडियन नॉलेज सिस्टम’ का लोकार्पण भी हुआ। इस पुस्तक का संपादन डॉ. कंचन भाटिया और सह-संपादन डॉ. मनीषा पाण्डेय ने किया है। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रांत अध्यक्ष डॉ हरिहर वसंत गुप्ता ने व्यक्त किया॥