वर्तमान युवा सिर्फ बदलाव नहीं, नए भारत की कहानी है

11 Aug 2025 16:26:12
 
yva
 
 
महेंद्र कुमार स्वामी
 
जैसा की हम सब जानते हैं भारत एक युवा देश है इस देश की लगभग 65% जनसंख्या 35 वर्ष से कम आयु की है यही भारत की सबसे बड़ी ताकत है लेकिन इस ताकत को सार्थक करने के लिए देश के युवाओं को उनके अंदर छिपी ऊर्जा को सही दिशा देनी होगी उन्हें अपने कर्तव्यों का पालन करना होगा।
 
युवाओं के अंदर पाए जाने वाला उत्साह, ऊर्जा, नवीन सोच, संघर्षशीलता जैसे गुण उन्हें किसी भी समाज और राष्ट्र के परिवर्तन का अग्रदूत बनाते हैं।
 
युवा का विकास है, गतिशील चक्र सामान।
ज्यों ज्यों घूमे गुणो से, व्यक्तित्व बने महान।।
 
उच्च व्यक्तित्व का युवा अनुशासित, प्रसन्न चित् आत्मविश्वासी, दूरदर्शी, आशावान, सहनशील, गुणग्राहक, दृढ़ निश्चयी, साहसी, उत्साही, संयमी, दयालु, धैर्यवान,सचरित्र जैसे गुणो के साथ देश के विकास के किसी भी क्षेत्र में काम करता है तो यथोचित परिणाम आना सुनिश्चित है।
 
वर्तमान परिवेश में युवाओं की भूमिका यह विषय जितना व्यापक है उतना ही आज के समय में प्रासंगिक है।
युवाओं के प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद जी ने कहा है उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति ना हो जाए।
 
युवा देश का भविष्य होने के साथ-साथ वर्तमान में भी एक महत्वपूर्ण शक्ति है सरकारों और गैर सरकारी संगठनों को युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए मिलकर काम करना चाहिए उनकी भागीदारी और सशक्तिकरण से ही देश विकास कर सकता है।
 
युवा देश की रीड होते हैं बे ना केवल वर्तमान के ध्वजवाहक हैं बल्कि भविष्य के निर्माता भी है आज का युवा जितना जागरूक, शिक्षित और तकनीकी रूप से सशक्त है उतना पहले कभी नहीं था लेकिन वर्तमान परिस्थितियों जैसे सामाजिक तनाव, राजनैतिक अस्थिरता, बेरोजगारी, नैतिक पतन, आर्थिक चुनौतियां, पर्यावरण संकट और तकनीकी बदलाव युवाओं की भूमिका को और अधिक महत्वपूर्ण बना देती हैं।
 
वर्तमान परिस्थितियों में सामाजिक क्षेत्र में युवाओं की अहम भूमिका हो सकती है आज समाज में कई प्रकार की विषमताएं मौजूद हैं जैसे जातिवाद, लैंगिक भेदभाव, असमानता, नशा, दहेज प्रथा आदि, युवा पीढ़ी इन बुराइयों को खत्म करने के लिए जागरूकता फैला रही है सोशल मीडिया, रैलियां और जागरूकता अभियानों के माध्यम से युवा एक सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं।
 
अगर हम राजनीतिक क्षेत्र की बात करें तो आज का युवा राजनीति को लेकर पहले से अधिक जागरूक है आज का युवा सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार की नीतियों पर सवाल उठा रहा है वह यह समझने लगा है कि केवल वोट डालना ही नहीं, सही नेता का चयन और जवाबदेही तय करना भी उसका कर्तव्य है कई युवा आज खुद राजनीति में आकर पारदर्शिता और ईमानदारी की मिसाल कायम कर रहे हैं।
 
आर्थिक क्षेत्र में भी युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और तकनीकी कौशल आज की अर्थव्यवस्था का आधार बन चुके हैं आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर युवाकृषक कृषि क्षेत्र को नई ऊंचाइयां प्रदान कर रहे हैं डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया जैसे अभियानों में युवाओं की अहम भागीदारी है स्टार्टअप्स की बाढ़ से यह स्पष्ट है कि युवा सिर्फ नौकरी खोजने वाले नहीं नौकरी देने वाले बन चुके हैं।
 
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर भी युवा बहुत सजग है आज का युवा प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान, वृक्षारोपण और पर्यावरण जागरूकता जैसे कार्यक्रमों में बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहा है फ्राइडे फाॅर फ्यूचर जैसे अंतरराष्ट्रीय आंदोलन युवाओं द्वारा चलाए जा रहे हैं।
 
युवा रक्षा, चिकित्सा, शिक्षा, सेवा, कृषि और विज्ञान आदि क्षेत्रों में देश का गौरव बढ़ा रहे हैं आज का युवा तकनीकी रूप से निपुण है वह न केवल तकनीक का उपभोक्ता है बल्कि निर्माता भी है।
 
युवाओं को केवल प्रोत्साहित करने की नहीं बल्कि उन्हें अवसर और मंच देने की आवश्यकता है यदि उन्हें सही दिशा में प्रयुक्त किया जाए तो वह राष्ट्र निर्माण के सबसे सशक्त स्तंभ हो सकते हैं।
Powered By Sangraha 9.0