गुना, मध्यप्रदेश। लगातार हो रही भारी वर्षा से गुना जिले में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। नदी-नाले उफान पर हैं, और अनेक ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जलभराव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। इस संकट की घड़ी में सेवा भारती, गुना एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सेवा विभाग ने प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर राहत कार्यों की कमान संभाली है।
सेवा भारती, मध्यभारत प्रांत ने गुना जिले में दो स्थानों पर बाढ़ पीड़ितों के लिए निशुल्क भोजन सेवा शुरू की गई हैः
1. सेवा भारती अन्नपूर्णा भोजनालय, अस्पताल प्रांगण, गुना
2. सेवा भारती वरिष्ठजन सेवा केंद्र, वृद्धाश्रम केंट, गुना
बुधवार को इन दोनों केंद्रों से 800 से अधिक बाढ़ प्रभावितों को बैठाकर गरम एवं पौष्टिक भोजन परोसा गया, वहीं 300 से अधिक भोजन पैकेट्स बस्तियों में जाकर वितरित किए गए।
सेवा भारती द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यदि जिले के किसी भी क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित व्यक्ति या परिवार को भोजन की आवश्यकता हो, तो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक एवं सेवा भारती के कार्यकर्ता तत्काल सहायता हेतु उपलब्ध रहेंगे।
इसके अतिरिक्त, सेवा भारती अन्नपूर्णा भोजनालय में प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक बाढ़ पीड़ितों के लिए भोजन सेवा उपलब्ध रहेगी।