संगठन, समर्पण और सेवा का संगम: सेवा भारती महिला मंडल भोपाल का वार्षिक प्रशिक्षण वर्ग सम्पन्न

14 Jul 2025 18:41:58

sewa 
 
 
सेवा भारती भोपाल महानगर महिला मंडल का वार्षिक प्रशिक्षण वर्ग संपन्न
चार सत्रों में हुआ प्रभावी प्रशिक्षण, 70 कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता।
 
 
भोपाल, 12 जुलाई 2025
सेवा भारती मध्यभारत प्रांत के भोपाल महानगर महिला मंडल द्वारा सेवा विद्या मंदिर में वार्षिक प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण चार सत्रों में संपन्न हुआ, जिसमें महिला कार्यकर्ताओं की प्रभावी उपस्थिति रही।
 
 
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। दीप प्रज्वलन प्रांतीय सचिव श्री विमल त्यागी, महानगर सचिव श्री प्रद्युम्न गुप्ता तथा महानगर महिला आयाम संयोजिका श्रीमती सुनीता सूर्यवंशी ने संयुक्त रूप से किया। इसके साथ ही उन्होंने प्रशिक्षण का औपचारिक उद्घाटन करते हुए कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।
 
 
प्रथम सत्र में संगठन का परिचय विषय रखा गया। यह सत्र दो समूहों में संपन्न हुआ, जिसमें संगठन के उद्देश्य, कार्यपद्धति एवं सेवा भारती के विविध आयामों की जानकारी श्री प्रद्युम्न गुप्ता एवं श्रीमती सुनीता सूर्यवंशी द्वारा दी गई।
 
 
द्वितीय सत्र कार्यशालाओं पर आधारित रहा, जिसमें सहभागियों को पाँच समूहों में विभाजित किया गया। संयोजिका समूह का मार्गदर्शन श्रीमती तारा विश्वकर्मा और श्रीमती सुनीता सूर्यवंशी ने किया। निवेदिता आयाम का संचालन श्रीमती आभा पांडेय और श्रीमती कमलेश सिंह द्वारा किया गया। स्वावलंबन समूह को श्रीमती सुनीता जैन एवं बलराम जी ने दिशा दी। भजन आयाम पर विशेष कार्यशाला श्रीमती रीमा सिंह के मार्गदर्शन में हुई, जबकि बड़े प्रकल्प समूह का नेतृत्व श्री करण कौशिक ने किया।
 
 
तृतीय सत्र समन्वय पर केंद्रित रहा। इस सत्र में दो समूहों में कार्य किया गया और कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक समन्वय, संवाद एवं समर्पण की महत्ता समझाई गई। इस सत्र का संचालन श्री प्रद्युम्न गुप्ता और श्री करण कौशिक ने किया।
 
 
चतुर्थ एवं समापन सत्र में संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री राधेश्याम मलवीय द्वारा "पंच परिवर्तन" विषय पर प्रेरक उद्बोधन दिया गया। उन्होंने संगठन में कार्यकर्ता के गुण, कार्यपद्धति और समाज परिवर्तन की दिशा में सेवा भारती की भूमिका पर प्रकाश डाला।
 
 
कार्यक्रम की मंच व्यवस्था का दायित्व श्रीमती सुमन शेंगर एवं श्रीमती मनीषा पटेरिया ने सफलतापूर्वक निभाया। श्रीमती सोनल श्रीवास्तव ने मधुर वाणी में संगठन गीत प्रस्तुत किया, जिससे वातावरण ओजस्वी हो उठा। श्रीमती लीला नाहटा द्वारा संकेतक की भूमिका निभाई गई, जबकि कल्याण मंत्र का उच्चारण श्रीमती अंजना श्रीवास्तव ने किया। श्रीमती सुनीता जैन ने सभी सहयोगियों का आभार प्रदर्शन किया और कार्यक्रम का संचालन कुशलतापूर्वक श्रीमती सुषमा विश्वकर्मा द्वारा किया गया।
 
 
यह प्रशिक्षण वर्ग महिला मंडल की पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं एवं अन्य सेवाव्रती बहनों के सक्रिय सहयोग से संपन्न हुआ। कुल 70 सहभागी बहनों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का समापन कल्याण मंत्र के साथ उत्साह एवं ऊर्जा से भरे वातावरण में हुआ।
Powered By Sangraha 9.0