आज के सकारात्मक समाचार - 25 जनवरी 2025

25 Jan 2025 15:01:51

Positive news
 
 
मध्यप्रदेश के 17 धार्मिक नगरों में होगी शराबबंदी
भोपाल. कल देवी अहिल्याबाई की नगरी महेश्वर में संपन्न हुई कैबिनेट बैठक में मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य के 17 पवित्र शहरों में शराब पर प्रतिबंध को मंजूरी दी है। इन शहरों में उज्जैन, ओंकारेश्वर, मैहर, खजुराहो, महेश्वर, ओरछा, सांची, नलखेड़ा, सलकनपुर, जबलपुर, मंदसौर जिलों का नाम शामिल है। मध्य प्रदेश सरकार ने धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने और शराब की खपत को कम करने के लिए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। यह कदम न केवल धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने के लिए उठाया गया है, बल्कि युवाओं को नशामुक्त जीवन की ओर ले जाने के लिए भी है आवश्यक है।
 
 
कक्षा 10 और 12 की परीक्षाओं में हुआ संसोधन
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं और 12वीं की परीक्षा कार्यक्रम में एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है। पहले 19 मार्च को होने वाली परीक्षा अब 21 मार्च, 2025 को आयोजित की जाएगी। यह बदलाव होली और रंगपंचमी के त्योहारों को ध्यान में रखते हुए किया गया है। मध्यप्रदेश के ज्यादातर जिलों में रंगपंचमी का त्योहार धूम-धाम से मनाया जाता है, इसलिए मंडल ने परीक्षा कार्यक्रम में संशोधन किया है। विद्यार्थियों और अभिभावकों को इस बदलाव के बारे में जानकारी देने के लिए मंडल ने आधिकारिक नोटिस जारी किया है।
 
 
सीहोर की आशा कार्यकर्त्ता को आया दिल्ली से आमंत्रण- 
श्यामपुर के ग्राम हिंगोनी निवासी आशा कार्यकर्ता सीमा प्रजापति को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए गणतंत्र दिवस समारोह में आमंत्रित किया गया है। वे 26 जनवरी 2025 को कर्तव्य पथ, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होंगी। सीमा प्रजापति को प्रदेश की 50 उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं की ग्रेडिंग में चयनित किया गया है। यह ग्रेडिंग उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर दी गई है जिसमें गर्भवती महिला की देखभाल, संस्थागत प्रसव और शिशु की देखभाल और शिशु टीकाकरण इत्यादि के कार्य शामिल हैं।
Powered By Sangraha 9.0