रिपोर्ट सौरभ तामेश्वरी
भोपाल। पुणे से पानीपत जा रही पानीपत गौरवगाथा अभियान यात्रा मंगलवार शाम भोपाल पहुंची. मराठों की वीरता एवं बलिदान का स्मरण कराते हुए तथा देश में पानीपत के ऐतहासिक युद्ध के बारे में जनजागरण करने के उद्देश्य से पुणे से यह यात्रा प्रारंभ हुई है. 6 जनवरी 2023 से निकली इस यात्रा में 3 राज्यों से सायकल सवार 10 युवतियाँ, 27 युवक तथा 60 दो पहियाँ वाहन चालक चल रहे हैं.1535 किलोमीटर की दूरी तय कर ये यात्रा 14 जनवरी को पानीपत पहुंचेगी. वहां राष्ट्र अभिवादन समर्पण के साथ यात्रा का समापन होगा.
यात्रा के संयोजक डॉ संदीप महिन्द ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य पानीपत युध्द का स्मरण करना है. भारत के इतिहास में पानीपत के तीसरे युद्ध का बड़ा महत्व है. 14 जनवरी 2023 को इस युद्ध को 261 वर्ष पूर्ण हो रहे है. इस युद्ध में अहमद शाह अब्दाली की सेना को विजय मिली थी किन्तु मराठों के पराक्रम के कारण न तो अब्दाली दिल्ली का बादशाह बन सका, न अपने किसी व्यक्ति को बादशाह बना पाया और न ही अपने करीबी नजीब को वजीर बना सका. ये युद्ध मराठों के शौर्य एवं पराक्रम की अद्भुद गाथा है. इस यात्रा में शामिल युवा जनजागरण करते हुए लोगों को देश के गौरवशाली इतिहास के इस प्रसंग के बारे में जानकारी दे रहे हैं.
ये यात्रा कल दिनांक 11 जनवरी 2023 बुधवार को रायसेन एवं विदिशा जिला में आ रही है. यात्रा के मार्ग पर पड़ने वाले प्रत्येक ग्राम में यात्रा का भव्य स्वागत एवं बड़े केंद्रों जैसे रायसेन, साँची, विदिशा, गुलाब गंज, गंज बसौदा, उहर सिरोंज, पथरिया, और महलुआ में संवाद सभाएँ आयोजित होंगीं. इस यात्रा दल से संवाद करने, पानीपत युद्ध की सच्चाई को जानने तथा यात्रियों के उत्साह वर्धन करने हेतु नागरिक पोस्ट में संलग्न यात्रा की समय सारिणी के अनुसार) अपने अपने गाँव एवं नगर में यात्रा के स्वागत एवं सभाओं में सहभागी होंगे.