राम मंदिर के लिए मध्यप्रदेश ने दे दिए 100 करोड़, हफ्तेभर और चलेगा अभियान

08 Feb 2021 18:23:20

Ram mandir_1  H 
राममंदिर निर्माण के लिए रामजन्म भूमि तीर्थ न्यास क्षेत्र की ओर से चलाया जा रहा धनसंग्रह अभियान 14 फरवरी को पूरा होने जा रहा है। इससे पहले ही मप्र में 100 करोड़ रुपए राशि जुटा ली गई है। यह लक्ष्य के हिसाब से ही है। अब बचे हुए दिन के लिए न्यास ने 20 फीसदी और कूपन व रसीदें बुलवाई हैं।
आंकड़ा 120 करोड़ तक पहुंच सकता है। पूरे प्रदेश में करीब 25 हजार वाॅलिंटियर इस काम में लगे हैं। जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व उनके अनुषांगिक संगठनों के साथ भाजपा का पूरा कैडर लगा है। विधायक, सांसद, प्रदेश व जिले के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष के साथ एनजीओ भी शामिल हैं।
15 जनवरी को जब धनसंग्रह अभियान की शुरुआत हुई थी, तब 80 से 100 करोड़ राशि जुटाने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन एक करोड़ या इससे अधिक धन देने वालों की संख्या ही 10 के करीब हो गई। साथ ही एक करोड़ रुपए से नीचे व एक लाख रुपए या इससे अधिक राशि का सहयोग करने वालों की संख्या तीन हजार से अधिक पहुंच गई। इसके कारण लक्ष्य समय से पहले ही पूरा हो गया।
 
कितने लोगों ने कितना दिया दान
 
• एक करोड़ या इससे अधिक- 10
• 50 लाख से एक करोड़ तक- 15
• 20 से 25 लाख रुपए वाले- 50
• एक लाख या इससे अधिक देने वाले- तीन हजार से ज्यादा
कूपन कम पड़े
 
श्री रामजन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास ने 10 रुपए से लेकर एक हजार रुपए तक कूपन बुलवाए थे। इसमें 100 और एक हजार वाले कूपन खत्म होने के बाद उन्हें दोबारा बुलवाया गया है। दो हजार रुपए से अधिक की राशि रसीदों के मार्फत ली जा रही है।
मप्र में एक महीने में- डेढ़ करोड़ परिवारों तक पहुंचना था लक्ष्य
मप्र में लक्ष्य रखा गया था कि एक माह के अभियान में डेढ़ करोड़ परिवारों तक पहुंचना है। मध्य भारत क्षेत्र में अभियान का काम देख रहे ओमप्रकाश सिसोदिया ने बताया कि करीब 70%परिवारों तक पहुंच हो गई है। बचे हुए सात दिनों में 90 फीसदी परिवारों तक पहुंच जाएंगे। सिसोदिया का कहना है कि अब तो लोग फोन करके बुला रहे हैं कि उनके यहां सहयोग राशि लेने कोई नहीं पहुंचा। सभी समाजों का सहयोग मिल रहा है।
Powered By Sangraha 9.0