जन्मदिन के दिन शहीद हुआ सतना का लाल ,मुठभेड़ में दो आतंकियों को किया ढेर

विश्व संवाद केंद्र, भोपाल    21-Oct-2021
Total Views |


karn_1  H x W:  
 
कश्मीर के शोपियां में एनकाउंटर में सतना के वीर जवान कर्णवीर सिंह राजपूत अपना शौर्य दिखाते हुए शहीद हो गए। जवान के परिजनों ने बताया है कि मंगलवार की सुबह पिता से 11 बजे बात हुई थी, उसके बाद कोई बात नहीं हुई है। बुधवार को परिवार को वीर गति प्राप्त होने की खबर मिली है। बताया जा रहा है कि शहीद जवान ने दो आतंकियों को मुठभेड़ में ढेर किया। शहीद जवान का पैतृक निवास दलदल गांव में है। कर्णवीर 21 राजपूत रेजिमेंट 44RR में तैनात थे कर्णवीर ने शोपियां में बुधवार सुबह आतंकियों से दो-दो हाथ किए और शहीद हुए हैं। बता दें कि कर्णवीर के पिता भी सेना में रहे हैं और 2017 में मेजर के पद से रिटायर हुए हैं।
 
2017 में सेना में शामिल हुए
 
कर्णवीर वर्ष 2017 में ही सेना में शामिल हुए थे। दो भाइयों में छोटे कर्णवीर पर अपने पिता का अधिक प्रभाव रहा है। मूल रूप से रामपुर बघेलान के दलदल गांव के निवासी थे। उनका पार्थिव शरीर शुक्रवार को सतना पहुंचने की संभावना है।
 
शहीद कर्णवीर सिंह के पिता रिटायर्ड मेजर रवि कुमार सिंह का कहना है कि उनका बेटा देश के लिए शहीद हुआ है। मैं सीना चौड़ा कर के चल सकता हूं। मरना जीना तो लगा रहता है, लेकिन सेना में इज्जत -सम्मान है, इसलिए मैंने अपने बेटे को भी सेना में भेजा था। 
 
कारपेंटर का हत्यारा आतंकी ढेर
 
आईजी कश्मीर विजय कुमार ने बताया कि आदिल जुलाई 2020 से घाटी में सक्रिय था। उसने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से कश्मीर आए कारपेंटर साकिर अह वानी की हत्या की थी। वह आतंकी संगठन टीआरएफ का शोपियां जिले का कमांडर था। जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक उन्हें शोपियां के द्रगड़ इलाके में आतंकियों के छिपे होने की जानकारी मिली थी। सुरक्षाबलों के सर्च ऑपरेशन शुरू करने पर आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। क्रॉस फायरिंग में सुरक्षाबलों ने 2 आतंकियों को मार गिराया। दूसरे आतंकी की पहचान की जा रही है।