विश्व हिंदू परिषद प्रान्त मध्यभारत के प्रान्त सह मंत्री जितेन्द्र चौहान जी ने कहा की 31 जुलाई को संसद भवन परिसर में विपक्षी सांसदों द्वारा संत वेश धारण कर किए गए भोंडे प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने इसे सनातन धर्म, पूज्य साधु-संतों और संपूर्ण हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं का सीधा अपमान और अनादर करार दिया है।
श्री जितेन्द्र चौहान जी ने कहा कि कांग्रेस समर्थित निर्दलीय सांसद पप्पू यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी तथा समाजवादी पार्टी व कांग्रेस के अन्य सांसदों द्वारा संत वेश में किया गया प्रदर्शन एक बेहद निम्नस्तरीय कृत्य है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार रावण ने छल-कपट के लिए संत का छद्म वेश धारण किया था, उसी प्रकार ये नेता धार्मिक प्रतीकों का दुरुपयोग कर हिंदू आस्था पर चोट करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि विपक्षी दलों का हिंदू विरोधी रवैया नया नहीं है। श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण में रोड़े अटकाने से लेकर अब तक, ये लगातार सनातनी आस्थाओं को निशाना बनाते रहे हैं। भव्य राम मंदिर बनने के बाद से उपजी बौखलाहट में यह सब किया जा रहा है। हिंदू समाज धैर्यवान और सहिष्णु है, लेकिन उसे अपनी भाषाई व संवैधानिक मर्यादाओं के दायरे से बाहर जाने पर मजबूर न किया जाए।
जितेन्द्र चौहान ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि इन नेताओं में साहस है, तो वे किसी अन्य धर्म के धर्मगुरुओं या मौलवियों का वेश धारण कर उनके प्रतीकों का मजाक उड़ाकर दिखाएं। ऐसा करते ही सड़कों पर उग्र प्रदर्शन होने लगेंगे और उनका बाहर निकलना कठिन हो जाएगा।
विश्व हिंदू परिषद ने माननीय लोकसभा अध्यक्ष से यह पुरजोर मांग भी की कि संसद परिसर में धार्मिक प्रतीकों का इस प्रकार अनादर करने वाले सांसदों के खिलाफ कठोरतम अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही इस अमर्यादित कृत्य और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के विरुद्ध विश्व हिंदू परिषद स्वयं भी कानूनी कार्रवाई करने पर विचार कर रही है।
विरोध प्रदर्शन में प्रांत सह मंत्री जितेंद्र चौहान, भोपाल विभाग मंत्री जीवन शर्मा, विभाग सह मंत्री हरिओम शर्मा,विभाग संयोजक अभिजीत राजपूत, विभाग सह संयोजक नीरज प्रजापति, जिला मंत्री मोहित सोनी,नितिन साहू, कमल पिपरिया, जितेंद्र मीणा, जिला संयोजक रोहित श्रीवास, सुरेन्द्र ठाकुर, अभिषेक शर्मा, अर्जुन गुर्जर, शिवराज धाकड़ सहित भोपाल विभाग के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे l