अभावग्रस्त बच्चों के लिए ‘प्रेरणा कोचिंग क्लासेस’ का शुभारंभ

विश्व संवाद केंद्र, भोपाल    16-Aug-2026
Total Views |
seva bharti
 
 
भोपाल। सरस्वती शिशु मंदिर, पिपलानी में अभावग्रस्त एवं जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से ‘प्रेरणा कोचिंग क्लासेस’ का शुभारंभ हुआ। सेवा भारती एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं के सहयोग से शुरू किए गए इस सेवा प्रकल्प का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
 
 
उद्घाटन कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह सेवा प्रमुख श्री राजकुमार मटाले मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रांत सेवा प्रमुख श्री विक्रम सिंह सहित सेवा भारती एवं संघ के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
 

seva bharti  
 
अपने उद्बोधन में श्री राजकुमार मटाले ने कहा कि यह कोचिंग केंद्र केवल शिक्षा प्रदान करने का माध्यम नहीं, बल्कि ऐसे बच्चों की प्रतिभा को निखारने का प्रयास है, जिन्हें उचित अवसर और मार्गदर्शन की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद सही समय पर सही मार्गदर्शन मिलने पर हर बच्चा अपनी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ सकता है और अपने भविष्य का निर्माण कर सकता है।
 
 
‘प्रेरणा कोचिंग क्लासेस’ के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्ग के बच्चों को शिक्षा एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के साथ उनमें नैतिक मूल्यों, राष्ट्रभाव और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने पर भी जोर दिया जाएगा। प्रकल्प का उद्देश्य बच्चों को उनके सपनों को साकार करने के लिए आवश्यक अवसर और सहयोग उपलब्ध कराना है, ताकि वे भविष्य में देश और समाज के विकास में अपना योगदान दे सकें।