वरिष्ठ साहित्यकार एवं हिन्दी सेवी पद्मश्री कैलाश चंद्र पंत जी का निधन

विश्व संवाद केंद्र, भोपाल    31-Jul-2026
Total Views |
पद्मश्री से सम्मानित कैलाश चंद्र पंत जी 
 
 
विश्व संवाद केंद्र, मध्यप्रदेश की ओर से विनम्र श्रद्धांजलि 
 
 
अत्यंत दु:खद समाचार प्राप्त हुआ है। हिन्दी साहित्य जगत के पुरोधा, वरिष्ठ साहित्यकार एवं उत्कृष्ट हिन्दी सेवी, पद्मश्री से सम्मानित कैलाश चंद्र पंत जी अब हमारे बीच नहीं रहे। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके देवलोकगमन से साहित्य के क्षेत्र में बड़ी क्षति हुई है। आपका श्रेष्ठ जीवन सबका मार्गदर्शन करेगा।
 
 
विश्व संवाद केंद्र, मध्यप्रदेश के साथ आपका गहरा नाता रहा है। समय-समय पर आपका मार्गदर्शन हमें मिलता रहा है। आप सदैव हमारी स्मृतियों में रहेंगे।
 
 
हाल ही में भारत सरकार द्वारा हिन्दी भाषा और साहित्य के उत्थान में उनके अतुलनीय एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री सम्मान से अलंकृत किया गया था। उनका पूरा जीवन मां भारती और हिन्दी भाषा के प्रचार-प्रसार तथा सेवा में समर्पित रहा।
 
 
आपका जन्म 26 अप्रैल 1936 को महू में हुआ था। नौकरी छोड़कर पत्रकारिता में आए। आपने साप्ताहिक समाचारपत्र 'जनधर्म' का प्रकाशन शुरू किया। इसके संपादक रहे। यह पत्र 22 वर्ष प्रकाशित हुआ। इसके साथ ही साहित्यिक विमर्श को दिशा देने के लिए आपने त्रैमासिक पत्रिका 'अक्षरा' का प्रकाशन एवं संपादन शुरू किया। हिन्दी के विकास के लिए आपने भोपाल में हिन्दी भवन विकसित किया। अपनी 90 वर्ष की यात्रा में आपने हिन्दी, साहित्य और शिक्षा के प्रचार-प्रसार में अनुकरणीय योगदान दिया है।