राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के ‘युवा संवाद’ में युवाओं को राष्ट्र निर्माण एवं उद्यमिता का संदेश

विश्व संवाद केंद्र, भोपाल    19-Jul-2026
Total Views |
युवा संवाद
 
 
भोपाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भोपाल विभाग के युवा उद्यमी कार्य द्वारा आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं को राष्ट्र निर्माण, उद्यमिता, नेतृत्व एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा उद्यमियों में राष्ट्रहित, आत्मनिर्भरता और सामाजिक दायित्व के प्रति सकारात्मक दृष्टि विकसित करना था।
 
 
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सागर ग्रुप के प्रबंध निदेशक श्री सिद्धार्थ सुधीर अग्रवाल रहे। मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह शारीरिक प्रमुख श्री ओ. के. मोहन जी ने उपस्थित युवा उद्यमियों का मार्गदर्शन किया।
 
 
अपने उद्बोधन में श्री ओ. के. मोहन जी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना एवं उसकी ऐतिहासिक यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि परम पूजनीय डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने प्रतिकूल परिस्थितियों में संघ की स्थापना कर राष्ट्र को संगठित करने का कार्य प्रारंभ किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाला यह संगठन आज समाज जीवन के विविध क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बना हुआ है।
 
 
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका निर्णायक है। आज आवश्यकता ऐसे युवाओं की है जो केवल रोजगार प्राप्त करने तक सीमित न रहें, बल्कि रोजगार का सृजन करने वाले उद्यमी बनें। नवाचार, आत्मनिर्भरता, कौशल और सेवा भाव के माध्यम से युवा भारत को विश्व में अग्रणी राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
 
 
श्री मोहन जी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सेवा, संस्कार, संगठन और राष्ट्रभक्ति के आधार पर समाज जीवन में रचनात्मक परिवर्तन का कार्य कर रहा है। संघ का प्रत्येक स्वयंसेवक निस्वार्थ भाव से समाज और राष्ट्र की सेवा को अपना कर्तव्य मानता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सेवा ही ईश्वर सेवा है तथा समाज के कल्याण के लिए किया गया प्रत्येक कार्य ईश्वर की आराधना के समान है।
 
 
कार्यक्रम में 300 से अधिक युवा उद्यमियों ने सहभागिता की, जिनमें बड़ी संख्या में महिला उद्यमी भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।