संघ के वरिष्ठ प्रचारक श्री मंगेश जी पनालकर का देहावसान, छोला विश्राम घाट पर हुआ अंतिम संस्कार

विश्व संवाद केंद्र, भोपाल    18-Jun-2026
Total Views |

mangesh ji
 
 
भोपाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ प्रचारक श्री मंगेश जी पनालकर का गुरुवार सुबह निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके देहावसान की सूचना मिलते ही संघ परिवार एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार भोपाल स्थित छोला विश्राम घाट पर श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में संघ के अधिकारी, स्वयंसेवक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
 
 
श्री मंगेश जी पनालकर ने अपने जीवन को राष्ट्रसेवा और संगठन कार्य के लिए समर्पित कर दिया था। उन्होंने भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) की नौकरी से त्यागपत्र देकर स्वयं को पूर्णकालिक रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्य के लिए समर्पित किया और प्रचारक जीवन का वरण किया। संघ के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए उन्होंने चार से पांच अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रियता के साथ कार्य किया तथा संगठन के विस्तार और सुदृढ़ीकरण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अपने लंबे संगठनात्मक जीवन में उन्होंने इंदौर, भोपाल, विदिशा और ग्वालियर सहित विभिन्न संघ कार्यालयों में अनेक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। कार्यकर्ताओं के बीच वे एक कुशल संगठनकर्ता, मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत के रूप में पहचाने जाते थे।
 
 
उनका जीवन सादगी, समर्पण और अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण रहा। मंगेश जी अपने मृदुभाषी स्वभाव, सरल व्यक्तित्व और आत्मीय व्यवहार के लिए विशेष रूप से जाने जाते थे। वे कार्यकर्ताओं के साथ सहज संवाद स्थापित कर उन्हें संगठन कार्य के लिए प्रेरित करते थे। इस अवसर पर संघ के क्षेत्र, प्रांत एवं भोपाल के वरिष्ठ अधिकारी, स्वयंसेवक तथा विविध संगठनों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वरिष्ठ प्रचारक एवं घुमंतू कार्य प्रमुख श्री गोरेलाल जी, क्षेत्र सह कार्यवाह श्री हेमंत मुक्तिबोध जी तथा विभाग संघचालक श्री सोमकांत उमालकर जी ने श्री मंगेश जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर विद्या भारती के अखिल भारतीय अधिकारी श्रीराम अरावकर भी उपस्थित रहे। सभी ने उनके निधन को संघ और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।