भोपाल। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 एवं एनसीएफ-2023 के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के सहयोग से तीन दिवसीय “कौशल बोध (Vocational Education) मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण कार्यशाला” का शुभारंभ भोपाल स्थित पं. सुंदरलाल शर्मा केंद्रीय व्यवसायिक शिक्षा संस्थान (PSSCIVE) में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में डॉ. रविंद्र कान्हेरे, डॉ. दीपक पालीवाल, गोविंद महंत, श्रीराम आरावकर तथा रोहित द्विवेदी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
देशभर से चयनित मास्टर ट्रेनर्स इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला में भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्यालयी शिक्षा में कौशल आधारित शिक्षण को सुदृढ़ करना तथा इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशिक्षकों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना है।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास तथा नई शिक्षा नीति के विभिन्न आयामों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह प्रशिक्षण विद्यालयों में कौशल आधारित शिक्षा के सफल और व्यापक क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिससे विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख एवं व्यवहारिक शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस आधार तैयार होगा।