भोपाल में भारतीय किसान संघ का जोरदार प्रदर्शन, बिजली समस्याओं को लेकर CMD को सौंपा ज्ञापन

विश्व संवाद केंद्र, भोपाल    17-Apr-2026
Total Views |
kishan sangh
 
भोपाल। भारतीय किसान संघ, मध्य भारत प्रांत के प्रतिनिधि मंडल सहित प्रांत के सभी जिला अध्यक्षों एवं जिला बिजली आयाम प्रमुखों ने मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के CMD से भोपाल में मुलाकात कर किसानों की गंभीर बिजली समस्याओं को लेकर तीखा विरोध दर्ज कराया और विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
 
 
किसान नेताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही और अनदेखी के कारण किसान लगातार परेशान हैं, फसल उत्पादन प्रभावित हो रहा है और आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
 
 
kishan sangh
 
 
प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:
  
 
कृषक मित्र ट्रांसफार्मर योजना के तहत लंबित सभी आवेदनों को तुरंत स्वीकृत कर ट्रांसफार्मर लगाकर कनेक्शन दिए जाएं।
 
 
मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार ₹5 में स्थायी पंप कनेक्शन दिए जाएं तथा दूरी की बाध्यता समाप्त की जाए।
 
 
किसानों की सहमति के बिना की गई हॉर्स पावर वृद्धि को तत्काल निरस्त किया जाए।
 
 
किसानों की अनुपस्थिति में बनाए गए पंचनामों की प्रति तुरंत उपलब्ध कराई जाए एवं किसी भी डिमांड से पहले किसान का पक्ष अनिवार्य रूप से सुना जाए।
 
 
टूटे एवं तिरछे विद्युत पोल बदले जाएं, झूलते तारों को दुरुस्त किया जाए तथा कम क्षमता वाले तारों को प्राथमिकता से बदला जाए।
 
शासन के निर्देशानुसार किसानों को क्षेत्रीय आवश्यकता के अनुसार प्रतिदिन 10 घंटे गुणवत्ता पूर्ण एवं निर्बाध बिजली दी जाए तथा मेंटेनेंस के नाम पर कटौती बंद की जाए।
 
 
प्रत्येक जिला केंद्र पर ट्रांसफार्मर बैंक स्थापित किए जाएं ताकि 3 दिन के भीतर ट्रांसफार्मर बदलना सुनिश्चित हो सके।
 
 
ट्रांसफार्मर मेंटेनेंस हेतु आवश्यक सामग्री जैसे इंसुलेटर, कटआउट, ऑयल आदि विद्युत कंपनी स्वयं उपलब्ध कराए—किसानों पर इसका बोझ न डाला जाए।
 
 
ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाए या अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जाएं, ताकि वोल्टेज समस्या समाप्त हो सके।
 
 
प्रत्येक 33/11 केवी सब स्टेशन पर एक स्थायी मोबाइल नंबर जारी किया जाए, जिससे आपात स्थिति में किसान तत्काल सूचना दे सकें।
 
 
मूंग फसल के लिए 2 माह का अस्थायी बिजली कनेक्शन दिया जाए, क्योंकि इसकी अवधि सीमित होती है।
 
 
सभी वितरण केंद्रों पर स्थायी एवं अस्थायी कृषि पंप कनेक्शन शुल्क की सूची सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जाए।
 
 
किसानों को दिन के समय 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाए, इसके लिए आवश्यक पावर ट्रांसफार्मर एवं फीडर कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाएं।
 
 
ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात लाइन स्टाफ एवं हेल्पर का मुख्यालय पर निवास सुनिश्चित किया जाए।
 
 
kishan sangh
 
 
किसान संघ का स्पष्ट संदेश:
 
 
भारतीय किसान संघ ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो संगठन प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग और शासन की होगी।