-दीपक कुमार द्विवेदी
सिनेमाघरों की जगमगाती लाइटों के बीच जब आज कोई पौराणिक महागाथा अत्याधुनिक दृश्य-श्रव्य प्रभावों और व्यावसायिक पैमानों के साथ परदे पर उतरती है, तो मल्टीप्लेक्स की मखमली कुर्सियों पर बैठे दर्शकों के भीतर एक गहरा, विचलन से भरा सन्नाटा तैरने लगता है। वह सन्नाटा केवल मनोरंजन के समाप्त होने का नहीं होता, बल्कि उस वैचारिक शून्यता का होता है जो आज के आधुनिक महानगरों के ड्राइंग रूम से लेकर हमारी सामूहिक चेतना तक घर करती जा रही है। हाल के वर्षों में जब भी रामायण या महाभारत जैसे सनातन ग्रंथों पर आधारित कोई नई फिल्म या डिजिटल प्रस्तुति रिलीज होती है, तो दफ्तरों के कैफेटेरिया से लेकर सोशल मीडिया के मंचों तक एक ही प्रश्न गूंजने लगता है - क्या दो घंटे का कोई चलचित्र हमारी आने वाली पीढ़ी को वे संस्कार और जीवन-मूल्य दे सकता है, जिसके लिए कभी पीढ़ियों का जीवंत संवाद हुआ करता था? आज की सबसे बड़ी सांस्कृतिक और सामाजिक विडंबना यह बन चुकी है कि हम अपनी संतति को वेदों, उपनिषदों, पुराणों और भारतीय जीवन-दर्शन से जोड़ने का उत्तरदायित्व धीरे-धीरे मल्टीप्लेक्स की संस्कृति, दूरदर्शन के रिमोट, सोशल मीडिया के एल्गोरिदम और तथाकथित डिजिटल धार्मिक सामग्री के हाथों में सौंपते जा रहे हैं।
मेरा जन्म वर्ष 2002 में हुआ है, और तकनीकी व अकादमिक परिभाषा के अनुसार मुझे 'जेन-जी' (Gen-Z) पीढ़ी का हिस्सा माना जा सकता है। वैश्वीकरण, भूमंडलीकरण, उपभोक्तावाद और तीव्र शहरीकरण की उस अंधी आंधी के बीच मेरा बचपन और युवावस्था गुजरी है, जिसने पूरी पीढ़ी को अपनी जड़ों से काटने का कोई मौका नहीं छोड़ा। किंतु मेरा भाग्य इस मामले में भिन्न और सौभाग्यशाली रहा कि मेरे पिता जी का जन्म वर्ष 1945 के उस कालखंड में हुआ था जब भारत की ग्रामीण और पारिवारिक संरचना अपनी जीवंत अवस्था में थी। यद्यपि मैं आधुनिक तकनीकी युग का एक युवा हूँ, परंतु मुझे अपने दादा-दादी, माता-पिता, आस-पड़ोस और सबसे बढ़कर अपने गाँव की मिट्टी का वह दुर्लभ सानिध्य मिला जो आज के महानगरों के बच्चों के लिए दुर्लभ सपना बन चुका है। मेरा बचपन उस गाँव में बीता जहाँ घर के पास ही एक प्राचीन शिव मंदिर था। संध्या के समय जब घंटे-घड़ियालों की गूंज होती थी, तब दादा-दादी के मुँह से रामायण और महाभारत की कथाएँ सुनने को मिलती थीं। मैंने स्वयं उस मंदिर में बैठकर पूजा की, अनुष्ठानों को नजदीक से देखा और ग्रामीण समाज के उस ताने-बाने को अनुभव किया जहाँ धर्म कोई औपचारिक प्रदर्शन नहीं, बल्कि जीवन की साँस हुआ करता था।
इसी व्यक्तिगत पृष्ठभूमि के कारण आज जब मैं अपने ही इर्द-गिर्द के युवाओं को देखता हूँ, तो एक गहरा मानसिक द्वंद्व और पीड़ा अनुभव होती है। मैं स्पष्ट रूप से समझता हूँ कि सही क्या है और गलत क्या है, धर्म क्या है, स्वधर्म क्या है और अधर्म के छद्म रूप क्या हैं। लेकिन आज का बहुसंख्यक समाज इस गहरी समझ से वंचित हो चुका है। 1980 और 1990 के दशक में जब रामानंद सागर की 'रामायण' या बी.आर. चोपड़ा की 'महाभारत' दूरदर्शन के परदे पर आती थी, तो उस समय के निर्माताओं और समाज में एक सहज धार्मिक भक्ति, श्रद्धा और पवित्रता का भाव था। उस दौर की पीढ़ी धर्म और भक्ति के मर्म को समझती थी। इसके विपरीत, आज जो रामायण या पौराणिक फिल्में बनाई जा रही हैं, उनके पीछे बांद्रा के एयर-कंडीशंड कैफे में बैठकर गढ़े गए वे वामपंथी और मार्क्सवादी विमर्श काम कर रहे हैं जो इतिहास और ग्रंथों को 'दास कैपिटल' के चश्मे से देखते हैं। वे रामायण को एक ऐसा प्रोपेगैंडा बना देते हैं जहाँ देवता और राक्षस केवल सत्ता के संघर्ष के पात्र प्रतीत होते हैं, जहाँ कुबेर को एक मोटा पूंजीपति और राक्षसों को 'बंधुआ मजदूर' या रावण को 'मजदूर वर्ग का मसीहा' और 'फेमिनिस्ट' के रूप में पेश किया जाता है।
अब जरा सोचिए कि जब एक सामान्य परिवार के माता-पिता यह सोचते हैं कि वे ₹2000 खर्च करके अपने बच्चों को मल्टीप्लेक्स में ऐसी कोई रामायण फिल्म दिखा देंगे और उनका यह दायित्व पूरा हो जाएगा कि बच्चों को संस्कार मिल गए हैं, तो यह कितनी बड़ी वैचारिक भूल है। इस प्रकार की फिल्में बच्चों को संस्कारवान नहीं बनाएँगी, बल्कि उनके कोमल मन में भगवान राम और हमारे सनातन नायकों के प्रति भ्रामक और विकृत दृष्टिकोण भर देंगी। वे यह सोचने लगेंगे कि रावण कोई बुरा व्यक्ति नहीं था बल्कि वह 'शोषित वर्ग' का नायक था, और हमारे ग्रंथ किसी दमनकारी व्यवस्था के दस्तावेज हैं।
यह समस्या इतनी गंभीर क्यों हो गई है? इसका उत्तर केवल धार्मिक उपदेशों में नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक और आर्थिक संरचना के उस व्यापक पतन में छिपा है जो पिछले कुछ दशकों में हुआ है। जो लोग ग्रामीण पृष्ठभूमि से आते हैं और जिनके माता-पिता या दादा-दादी 1945 के दशक में जिए हैं, वे जानते हैं कि उन्हें धर्म और संस्कृति का वह उपहार किसी सिनेमाघर से नहीं, बल्कि घर के आँगन से मिला था।
एक पीढ़ी पहले तक, भारत के गाँवों में यह सांस्कृतिक ज्ञान किसी औपचारिक पाठ्यचर्या का विषय नहीं था। दादा-दादी, नाना-नानी और गाँव के बुजुर्ग ही जीवंत सांस्कृतिक विश्वविद्यालय हुआ करते थे। संध्या के समय जब चौपाइयाँ बिछती थीं, तब रामायण की कथाएँ गूंजती थीं, महाभारत के नैतिक प्रसंगों पर चर्चा होती थी और पर्व-त्योहारों के पीछे की दार्शनिक मान्यताएँ समझाई जाती थीं। बच्चे केवल कथा नहीं सुनते थे; वे उन कथाओं के भीतर निहित आदर्शों को अपने बड़ों के आचरण में जीते हुए देखते थे। इसीलिए 'राम' केवल एक पौराणिक पात्र नहीं, बल्कि मर्यादा के प्रतीक बनते थे।
किंतु आज स्थिति बिल्कुल बदल चुकी है। आज महानगरों और टियर-3 शहरों में यह समस्या विकराल हो चुकी है। लोग यह मान बैठे हैं कि रामचरितमानस का केवल पाठ कर लेने से या किसी सामूहिक पाठ में शामिल हो जाने भर से सब कुछ ठीक हो जाएगा। कई लोग यह दावा करते हैं कि उन्होंने वाल्मीकि रामायण पढ़ ली है या वे नियमित रूप से भगवद्गीता पढ़ते हैं। किंतु जब उनके आचरण की परीक्षा होती है, तो वहां सत्य, संयम, कर्तव्य और धर्मबुद्धि का नितांत अभाव दिखाई देता है। कारण स्पष्ट है- जब तक अंतःकरण में सच्चा भक्तिभाव और दार्शनिक बोध न हो, तब तक ग्रंथ पढ़ना केवल एक बौद्धिक प्रदर्शन या 'एन्जॉयमेंट' बनकर रह जाता है। आज के अधिकांश माता-पिता स्वयं अपनी परंपरा के तात्त्विक अर्थों से अपरिचित हैं। यदि एक पिता को स्वयं कर्मयोग, स्वधर्म, निष्काम कर्म, स्थितप्रज्ञता या पुरुषार्थ-चतुष्टय का अर्थ नहीं मालूम, तो वह अपने बच्चों को क्या सिखाएगा?
और जब माता-पिता यह जिम्मेदारी दो घंटे की फिल्म या सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के हाथों में सौंप देते हैं, तब समाज में नास्तिकता और भटकाव तेजी से बढ़ता है। आज सोशल मीडिया पर ऐसे अनगिनत आधुनिक धर्मगुरु और डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स पैदा हो चुके हैं जो युवाओं को धर्म और संस्कृति से जोड़ने के नाम पर और अधिक भ्रमित कर रहे हैं। इसके साथ ही, आज तीर्थस्थल भी आध्यात्मिक साधना के केंद्र कम और 'पर्यटन स्थल' (Tourism Hubs) अधिक बनते जा रहे हैं। सरकारें तीर्थों का विकास कर रही हैं जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलती है, किंतु जब संपूर्ण संरचना केवल पर्यटन और भोग-विलास के तर्क पर चलने लगती है, तब वहाँ की पवित्रता और आध्यात्मिक प्रतिष्ठा का ह्रास होने लगता है। लोग छुट्टियों में मजा करने और पिकनिक मनाने के स्थान पर मंदिर जाते हैं; ऐसे में वहाँ से भक्तिभाव या संस्कार की उत्पत्ति कैसे हो सकती है?
इस संकट के मूल कारणों की जब हम गहराई से पड़ताल करते हैं, तो हमें अर्थशास्त्र के धरातल पर उतरना पड़ता है। भारतीय लोकबुद्धि का एक अत्यंत प्रसिद्ध और अकाट्य सूत्र है- "जैसा अन्न, वैसा मन"। इसका सीधा अर्थ यह है कि जिस प्रकार की आजीविका, जिस प्रकार का उत्पादन तंत्र और जैसी आर्थिक व्यवस्था हम अपने समाज के लिए चुनते हैं, उसी के अनुरूप हमारा परिवार, हमारी श्रम-संस्कृति, हमारा प्रवास और हमारे सामाजिक संबंध ढलते चले जाते हैं। यदि समाज का अर्थतंत्र बिगड़ जाए, तो संस्कृति और परिवार का ताना-बाना अपने आप बिखर जाता है।
सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकॉनमी (CMIE) और श्रम मंत्रालय के आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं कि भारत का आर्थिक विकास किस प्रकार असंतुलित रहा है। नेशनल स्टैटिस्टिकल ऑफिस (NSO) के आंकड़ों के अनुसार, भारत के कार्यबल का लगभग 46.1 प्रतिशत हिस्सा आज भी कृषि और उससे जुड़ी गतिविधियों पर निर्भर है, जबकि राष्ट्रीय आय में इसका हिस्सा घटकर मात्र एक-पांचवां हिस्सा रह गया है। भारत में 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 6.4 लाख गाँव हैं। जब कोई किसान अपने परिवार के साथ गाँव में दो से चार एकड़ की विखंडित जोत (Fragmented Landholdings) पर पारंपरिक धान और गेहूं की खेती करता है, तो उसकी वास्तविक आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय होती है।
यदि हम ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक आर्थिक स्थिति का आकलन करें, तो दो से चार एकड़ की भूमि पर पारंपरिक खेती करने वाले परिवार को जो अनाज मिलता है, उसमें से अधिकांश हिस्सा परिवार के भरण-पोषण में खप जाता है। यदि थोड़ा-बहुत अनाज बच भी जाता है, तो उसे बेचने पर 30 से 40 हजार रुपये की प्राप्ति होती है। उस कुल आय में से जब खाद, बीज, जुताई, बुवाई, कीटनाशक और मजदूरी की लागत को घटा दिया जाता है, तो किसान के हाथ में शुद्ध वार्षिक आय के रूप में केवल 15 से 20 हजार रुपये ही बचते हैं। प्रति एकड़ की गणना करें तो यह आय इतनी न्यूनतम हो जाती है कि इससे परिवार का गुजारा चलाना असंभव हो जाता है। जब कृषि एक 'लाभ का सौदा' नहीं रह जाती, जब दो एकड़ जमीन से परिवार की न्यूनतम आर्थिक आवश्यकताएँ भी पूरी नहीं होतीं, तब युवा का महानगरों की तरफ पलायन करना एक विवशता बन जाता है।
जब ग्रामीण युवा महानगरों की तरफ पलायन करता है, तो उसके साथ केवल श्रम का स्थानांतरण नहीं होता, बल्कि संपूर्ण पारिवारिक ढांचा बिखर जाता है। दादा-दादी गाँव के घर में अकेले छूट जाते हैं, माता-पिता नौकरी या रोजगार के लिए महानगरों के तंग फ्लैटों में चले जाते हैं, और बच्चे ऐसे परिवेश में बड़े होते हैं जहाँ न तो संयुक्त परिवार का आत्मीय संबल होता है और न ही पीढ़ियों के बीच होने वाला वह जीवंत संवाद होता है, जो संस्कारों का मूल आधार है। इस आर्थिक विवशता और पलायन के चक्रव्यूह ने हमारी सामाजिक व्यवस्था को तोड़कर रख दिया है।
यहीं पर हमें चीन और भारत के आर्थिक इतिहास के उस तुलनात्मक अंतर को समझना होगा जिसने हमारी पूरी सामाजिक दिशा को प्रभावित किया। चीन ने 1978 के बाद अपने आर्थिक सुधारों की शुरुआत कृषि क्षेत्र से की थी। वहाँ 'हाउसहोल्ड रिस्पॉन्सिबिलिटी सिस्टम' के माध्यम से कृषि उत्पादन में किसानों की निर्णय-क्षमता और आर्थिक प्रोत्साहन को बढ़ाया गया। इसके बाद ग्रामीण क्षेत्रों में 'टाउनशिप एंड विलेज एंटरप्राइजेज' (TVEs) का विकास किया गया, जिससे ग्रामीण स्तर पर ही गैर-कृषि रोजगार के विशाल अवसर पैदा हुए और गाँव से शहरों की ओर होने वाला अंधाधुंध पलायन रुका। इसके विपरीत, भारत ने स्वतंत्रता के बाद लगभग चार दशकों तक उस राज्य-नियंत्रित मॉडल को अपनाया, जिसमें सरकार ही सब कुछ तय करने वाली इकाई बन गई। बाद में जब 1991 में उदारीकरण के दबाव में हमने दरवाजे खोले, तो हमने पश्चिमी पूंजीवाद और भूमंडलीकरण की ऐसी अंधी नकल की कि कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को पूरी तरह हाशिए पर धकेल दिया गया। हमने एक ऐसी सेवा-क्षेत्र आधारित अर्थव्यवस्था का निर्माण किया जो मूल रूप से पश्चिमी बाजारों की मांग पर चलती है।
इस पश्चिमी और बाज़ार-आधारित अर्थतंत्र का परिणाम यह हुआ कि समाज में उपभोक्तावाद ने जड़ें जमा लीं। जब अर्थतंत्र बाजार की शक्तियों के अधीन हो जाता है, तो समाज भी बाजार बन जाता है। ग्लोबल मार्केट फोर्सेज और उनके वैचारिक संवाहक ने भारत के पारंपरिक पारिवारिक ताने-बाने को तोड़ने के लिए समाज, जाति और भाषा के संघर्ष के नए-नए विमर्श गढ़े। उन्होंने युवाओं को अपनी ही संस्कृति और परंपरा के विरुद्ध खड़ा कर दिया। जब युवा अपनी ही जड़ों से कट जाते हैं, जब वे यह भूल जाते हैं कि भारत की आर्थिकी और संस्कृति का मूल आधार क्या था, तब वे आधुनिकता की अंधी दौड़ में दिशाहीन हो जाते हैं।
इस संपूर्ण संकट का समाधान केवल सतही उपदेशों में नहीं है, बल्कि इसके लिए हमें अपनी आर्थिक और दार्शनिक जड़ों की ओर लौटना होगा जिसे हम 'सनातन आर्थिक मॉडल' या 'प्रकृति-आधारित वैदिक अर्थ-दृष्टि' कह सकते हैं। भारतीय जीवन-दर्शन में 'पुरुषार्थ-चतुष्टय'-अर्थात धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष-की जो शाश्वत संकल्पना दी गई है, वही इस संकट से बाहर निकलने का एकमात्र मार्ग है। हमारी सनातन परंपरा में 'अर्थ' (धन और आजीविका) के उपार्जन को कभी वर्जित नहीं किया गया, किंतु यह अनिवार्य शर्त जोड़ी गई कि अर्थ का अर्जन और उपभोग कभी भी 'धर्म' (नैतिकता, कर्तव्य और सामाजिक उत्तरदायित्व) से निरपेक्ष नहीं होना चाहिए। पश्चिमी पूंजीवाद जहाँ मनुष्य को केवल एक उपभोक्ता मानता है, और समाजवाद जहाँ राज्य को सब कुछ सौंप देता है, वहाँ सनातन दृष्टि व्यक्ति, परिवार, समाज और प्रकृति के बीच एक अद्भुत संतुलन स्थापित करती है।
यदि हमें अपनी संस्कृति, अपने परिवार और अपनी आने वाली पीढ़ियों को बचाना है, तो हमें अपनी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करना होगा और नगर, ग्राम व बीज के बीच एक सटीक संतुलन बनाना होगा। आज आवश्यकता इस बात की है कि हम पारंपरिक गेहूं-धान की सीमित खेती के चक्र से बाहर निकलकर मिश्रित खेती (Mixed Farming), बागवानी, पशुपालन, मत्स्य पालन, औषधीय पौधों की खेती और सबसे बढ़कर 'फूड प्रोसेसिंग' (खाद्य प्रसंस्करण) को अपनाएं। यदि हम आधुनिक तकनीक और एआई (AI) के इस युग में ग्रामीण स्तर पर ही कृषि-आधारित उद्योगों (Rural Agro-Processing Industries) और शीत-श्रृंखला (Cold Chain) का जाल बिछा दें, तो एक एकड़ भूमि से पारंपरिक खेती की तुलना में कई गुना अधिक आय (लगभग 4 से 5 लाख रुपये प्रति वर्ष तक) अर्जित की जा सकती है। जब गाँव में ही फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स लगेंगी, जब स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार मिलेगा, तब गाँव से महानगरों की ओर होने वाला वह मजबूरन पलायन रुकेगा।
जब ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, जब किसान की आय बढ़ेगी, तब संयुक्त परिवार का ताना-बाना पुनः सुरक्षित होगा। जब तीन पीढ़ियाँ एक ही छत के नीचे या एक ही परिवेश में साथ रहेंगी, तब बच्चों को किसी मल्टीप्लेक्स की फिल्म से संस्कार सीखने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी; उन्हें अपने दादा-दादी के सान्निध्य में, घर के संस्कारों में और पारिवारिक संवादों में वह सांस्कृतिक ऊर्जा स्वतः प्राप्त हो जाएगी। जैसा कि हमारी लोकबुद्धि का अकाट्य सत्य है-"जैसा अन्न, वैसा मन"। ठीक उसी प्रकार, जैसा अर्थतंत्र होगा, वैसा ही समाज और वैसा ही परिवार होगा।
सरकारें यदि वास्तव में इस सांस्कृतिक संकट से देश को उबारना चाहती हैं, तो उन्हें अपनी नीतियों में 'सनातन आर्थिक मॉडल' को उतारना होगा। इसके लिए व्यावहारिक और नीतिगत स्तर पर निम्नलिखित कदम उठाने होंगे:
1.कृषि और ग्रामीण औद्योगीकरण का एकीकरण: प्रत्येक जिले और खंड स्तर पर कृषि-संस्कृति और फूड प्रोसेसिंग क्लस्टर बनाए जाएं, जहाँ किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य मिले और वे केवल कच्चे माल के विक्रेता न बनकर मूल्यवर्धित (Value-Added) उत्पादों के निर्माता बनें।
2.ग्राम-नगर सेतु का निर्माण: शहरों पर लगातार बढ़ रहे जनसंख्या के दबाव को रोकने के लिए गाँवों में डिजिटल बुनियादी ढाँचा, उच्च कोटि की शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएँ विकसित की जाएं ताकि युवाओं को महानगरों की ओर पलायन करने के लिए विवश न होना पड़े।
3. पारिवारिक और सांस्कृतिक शिक्षा की पुनर्प्रतिष्ठा: आधुनिक शिक्षा प्रणाली में केवल तकनीकी कौशल नहीं, बल्कि भारतीय ज्ञान-परंपरा के उन मूल सिद्धांतों (श्रवण, मनन, निदिध्यासन) को समाहित किया जाए जो छात्र के भीतर नैतिक चेतना का विकास करते हैं।
4.तीर्थ और धार्मिक स्थलों की पवित्रता का संरक्षण: सरकारों को पर्यटन के विकास के साथ-साथ इस बात की सख्त व्यवस्था करनी चाहिए कि तीर्थस्थलों का आध्यात्मिक चरित्र और पवित्रता अक्षुण्ण बनी रहे, ताकि वे भोग-विलास के केंद्र न बनकर आत्मिक शांति के स्थल बने रहें।
अतः समाधान किसी दो घंटे की फिल्म या मल्टीप्लेक्स के टिकट में नहीं है। समाधान एक दीर्घकालिक और समग्र सांस्कृतिक-आर्थिक पुनर्संरचना में है। हमें अपनी कृषि को व्यावसायिक और मूल्यवर्धित बनाना होगा, ग्रामीण औद्योगीकरण को बढ़ाना होगा, और सबसे बढ़कर, घरों के भीतर उस जीवंत संवाद को पुनर्जीवित करना होगा जहाँ माता-पिता स्वयं शास्त्रों के मर्म को समझकर अपनी संतति को आचरण से संस्कारित कर सकें। जब तक हम अर्थ, समाज और संस्कृति को एक सूत्र में नहीं पिरोएंगे, तब तक सबसे बड़े ग्रंथ भी केवल अलमारी की शोभा या मनोरंजन की वस्तु बनकर रह जाएंगे। संस्कृति केवल किताबों में नहीं, बल्कि मनुष्यों के जीवंत आचरण, उनके पुरुषार्थ और उनके संस्कारों में सांस लेती है। यदि हमने समय रहते इस सच्चाई को नहीं पहचाना, तो आने वाले समय में हमारे पास केवल मनोरंजन के साधन और कहानियों के खंडहर बच जाएंगे, और हमारी महान सांस्कृतिक आत्मा इतिहास के पृष्ठों में सिमटकर रह जाएगी।