जबलपुर, 24 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, महाकौशल प्रांत के युवाओं का शिविर जबलपुर के श्रीराम इंजीनियरिंग कॉलेज में 22 अक्टूबर की सायं से प्रारंभ है। शिविर का औपचारिक उद्घाटन 23 अक्टूबर को हुआ। शिविर के तीसरे दिन आज जबलपुर में भव्य पथ संचलन संपन्न हुआ। इसमें महाकौशल प्रांत के 34 जिलों से 16 से 32 वर्ष आयु वर्ग के 3,185 स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। इनके साथ लगभग 500 प्रबंधक भी शिविर में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। पथ संचलन सायं 3:30 बजे श्रीराम इंजीनियरिंग कॉलेज से प्रारंभ होकर केशरवानी कॉलेज तक पहुँचा, जहाँ इसका समापन हुआ। स्वयंसेवकों ने कदम से कदम मिलाकर अनुशासन, एकरूपता, शारीरिक दक्षता और संगठनात्मक एकजुटता का परिचय दिया। समान गति और अनुशासन के साथ हुआ यह सामूहिक संचलन संगठन शक्ति का प्रभावी प्रदर्शन रहा।
20 मंचों से विशिष्टजनों और नागरिकों ने किया अवलोकन
पथ संचलन के अवलोकन के लिए जबलपुर महानगर की जाति-बिरादरी, विविध भाषा-भाषी, कृषक सहित 20 श्रेणियों से समाज के प्रभावी, विशिष्ट एवं गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया गया था। संचलन मार्ग पर 20 मंच बनाए गए, जहाँ आमंत्रित अतिथियों और समाज के विभिन्न क्षेत्रों का नेतृत्व करने वाले विशिष्टजनों ने संचलन देखा। संचलन देखने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक भी उपस्थित रहे। अनेक लोगों ने पहली बार इस प्रकार का गुणवत्तापूर्ण पथ संचलन देखा और स्वयंसेवकों के अनुशासन, कदमताल, एकरूपता एवं सामूहिकता की सराहना की।
सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी शिविर में युवाओं को देंगे मार्गदर्शन
सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी का जबलपुर आगमन हो चुका है। वे 25 अक्टूबर को शिविर में सम्मिलित होकर दो सत्रों में युवा स्वयंसेवकों को मार्गदर्शन देंगे। शिविर का समापन 25 अक्टूबर को सायंकाल प्रात्यक्षिक कार्यक्रम के पश्चात होगा।
महाकौशल प्रांत के विभिन्न जिलों से आए युवा स्वयंसेवकों का यह एकत्रीकरण अनुशासन, संगठनात्मक क्षमता, शारीरिक दक्षता और राष्ट्रसेवा के संकल्प को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण आयोजन है। जबलपुर में संपन्न यह भव्य पथ संचलन स्वयंसेवकों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और एकात्मता का प्रभावी परिचय प्रस्तुत करता है।
विनोद कुमार
प्रांत प्रचार प्रमुख
9424924407