भोपाल। अर्चना प्रकाशन न्यास द्वारा अपने सूत्रधार एवं स्मृतिशेष शरदचंद्र मेहरोत्रा की पुण्यतिथि के अवसर पर “शरद स्मृति व्याख्यान” का आयोजन 30 जनवरी 2026, शुक्रवार को सायं 5 बजे किया जाएगा। कार्यक्रम मानस भवन, श्यामला हिल्स, भोपाल में आयोजित होगा।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह-प्रचारक प्रमुख श्री अरुण जैन उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मध्यभारत प्रांत के प्रांत संघचालक माननीय अशोक पाण्डेय करेंगे।
यह व्याख्यान केवल स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि वैचारिक संवाद और बौद्धिक विमर्श को आगे बढ़ाने की परंपरा का हिस्सा है, जिसकी नींव स्वर्गीय शरदचंद्र मेहरोत्रा ने रखी थी। न्यास द्वारा उनके वैचारिक योगदान को जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष यह आयोजन किया जाता है।
कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्धजन, लेखक, शिक्षाविद्, शोधार्थी एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे। आयोजन में समय से पूर्व चायपान की व्यवस्था भी रखी गई है।
अर्चना प्रकाशन न्यास ने भोपाल एवं आसपास के नागरिकों से समय पर उपस्थित होकर इस स्मृति व्याख्यान में सहभागिता करने का आग्रह किया है।
इन पुस्तकों का होगा विमोचन
कार्यक्रम के दौरान अर्चना प्रकाशन न्यास की वार्षिक स्मारिका “शताब्दी के निहितार्थ” का लोकार्पण किया जाएगा, जिसका संपादन प्रो. उमेश कुमार सिंह ने किया है। इसके साथ ही इस माह प्रकाशित तीन पुस्तकों का भी लोकार्पण होगा। इनमें डॉ. विकास दवे द्वारा लिखित “भारत का जय घोष - वंदे मातरम्”, लाजपत आहूजा की “धर्म की ढाल - गुरु गोविंद बहादुर” तथा रमेश शर्मा की “भगवान बिरसा मुंडा” शामिल हैं। ये पुस्तकें भारतीय राष्ट्रबोध, सांस्कृतिक चेतना और ऐतिहासिक व्यक्तित्वों के योगदान को केंद्र में रखती हैं।