
भोपाल। आधुनिक जीवनशैली के दौर में जहां संयुक्त परिवारों की परंपरा धीरे-धीरे कमजोर पड़ती जा रही है, वहीं अशोका गार्डन, भोपाल में संचालित कुटुंब प्रभात फेरी इस सामाजिक ताने-बाने को सशक्त करने का निरंतर प्रयास कर रही है। इसी क्रम में 28 दिसंबर 2025 को कुटुंब प्रभात फेरी के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 25 संयुक्त परिवारों को सम्मानित किया गया।
सम्मान स्वरूप सभी परिवारों को शॉल, श्रीफल और कैम्पर भेंट किए गए। इस अवसर पर कुटुंब प्रभात फेरी से जुड़े लगभग 150 परिवारों के 800 से अधिक सदस्य उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम का स्वरूप पारिवारिक और उत्सवपूर्ण बन गया।
कार्यक्रम की शुरुआत राम नाम की धुन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर मुख्य रूप से श्री विक्रम सिंह, मध्य भारत प्रांत सेवा प्रमुख ने संघ के शताब्दी वर्ष के महत्व पर अपने विचार रखे। विश्व हिंदू परिषद, मध्य भारत प्रांत के अध्यक्ष के.एल. शर्मा तथा कथावाचक साध्वी रंजना दीदी भी मंच पर उपस्थित रहीं। साध्वी रंजना दीदी ने सनातन धर्म की सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं पर प्रकाश डाला, वहीं के.एल. शर्मा ने हिंदू समाज में कुटुंब और संयुक्त परिवार की भूमिका को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के समापन पर भारत माता की आरती और रामधुन का आयोजन किया गया। इसके पश्चात भोजन मंत्र के साथ सभी कुटुंबी जनों ने प्रसाद ग्रहण किया। अंत में कुटुंब प्रभात फेरी से जुड़े भक्त पंकज पलिया ने सभी आगंतुकों और सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि कुटुंब प्रभात फेरी की शुरुआत 28 दिसंबर 2023 को हुई थी और तब से यह प्रभात फेरी निरंतर ढोल, झांझ-मंजीरों और रामधुन के साथ निकाली जा रही है, जो समाज में पारिवारिक एकता और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने का कार्य कर रही है।