गुना। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। इसी क्रम में संघ स्थापना दिवस विजयादशमी 2 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक 11 दिवसीय उत्सव के रूप में भव्य पथ संचलन निकाले जाएंगे।
गुना विभाग में संघ की रचना के अनुसार तीन जिले – अशोक नगर, गुना और राघौगढ़ सम्मिलित हैं। इन जिलों में कुल 203 मंडलों और 56 बस्तियों में पथ संचलन संपन्न होंगे।
अशोक नगर में 77 मंडल और 21 बस्तियों में
गुना जिले में 63 मंडल और 24 बस्तियों में
राघौगढ़ जिले में 63 मंडल और 11 बस्तियों में
स्वयंसेवकों में पथ संचलन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। सुबह-शाम टोली बनाकर स्वयंसेवक घर-घर संपर्क अभियान चला रहे हैं और प्रत्येक हिंदू परिवार से कम से कम एक सदस्य को संचलन में सम्मिलित होने का आग्रह कर रहे हैं। इस अभियान के परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में युवा नए स्वयंसेवक के रूप में संघ से जुड़े हैं।
गुना विभाग में गणवेश की बिक्री भी उल्लेखनीय रही है। 30 सितंबर तक 5000 से अधिक गणवेश विक्रय हो चुके हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है। इससे हर घर तक गणवेश पहुँचाने के संकल्प की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का यह पथ संचलन केवल उत्सव का हिस्सा ही नहीं, बल्कि शताब्दी वर्ष के इस ऐतिहासिक अवसर पर हिंदू समाज की एकता, शक्ति और संगठन का जीवंत स्वरूप प्रस्तुत करेगा।